दिल्ली-एनसीआर और पूरे उत्तर भारत में बुधवार को हुई बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया।
कई मैदानी इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत मिली। हालांकि यह राहत ज्यादा दिनों तक रहने वाली नहीं है, क्योंकि अब फिर से पारा चढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से छिटपुट बारिश और गरज-चमक की स्थिति बनी। मैदानी इलाकों में फिलहाल हल्की धुंध रह सकती है, लेकिन व्यापक वर्षा की संभावना नहीं है। अगले दो दिनों में उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली में तापमान बढ़ने के आसार हैं। राजस्थान के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई।
दिल्ली में तेजी से बढ़ेगा तापमान
राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को न्यूनतम तापमान 15 से 15.8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि अधिकतम तापमान गिरकर 21 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि 20 फरवरी से 24 फरवरी के बीच न्यूनतम तापमान 12 डिग्री से बढ़कर 15-17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं अधिकतम तापमान भी बढ़ते-बढ़ते 30 से 32 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। यानी फरवरी के आखिरी सप्ताह में धूप की तपिश फिर महसूस होगी।
उत्तर-पश्चिम भारत में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी
उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी की संभावना है। मध्य भारत में अगले पांच दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं दिख रहा। गुजरात, महाराष्ट्र और गोवा में भी अगले दो दिनों तक पारा लगभग स्थिर रहने का अनुमान है।
समुद्र में न जाएं मछुआरे
19 और 20 फरवरी को हिंद महासागर, श्रीलंका तट और मन्नार की खाड़ी के आसपास मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की गई है। 21 फरवरी को पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों और 22 फरवरी को श्रीलंका तट के पास भी समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम
पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में बारिश हुई। राजस्थान के बीकानेर और नागौर में ओले गिरे, जबकि हरियाणा के नारनौल में भी ओलावृष्टि दर्ज की गई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बागपत, मुजफ्फरनगर, नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़ और बुलंदशहर समेत कई जिलों में बारिश हुई। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी बादल छाए रहे।
फिलहाल बारिश से मिली राहत के बाद अब फिर से तापमान में तेजी से बढ़ोतरी के संकेत हैं, जिससे आने वाले दिनों में गर्मी का असर बढ़ सकता है।
Comments are closed.