कोकीन किंगपिन ‘एल मेंचो’ मारा गया: मैक्सिको के सबसे वांछित माफिया की पूरी कहानी

2

मैक्सिको की सेना ने देश के सबसे कुख्यात और वांटेड ड्रग माफियाओं में शुमार Nemesio Oseguera Cervantes उर्फ ‘एल मेंचो’ को एक बड़े ऑपरेशन में मार गिराने का दावा किया है।

22 फरवरी को जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, जलिस्को राज्य के तपलपा शहर में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ के दौरान उसे गोली लगी। 59 वर्षीय एल मेंचो को एयरलिफ्ट कर मेक्सिको सिटी ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। इस कार्रवाई के बाद कई इलाकों में हिंसा और तनाव की खबरें सामने आई हैं।

CJNG का सरगना

एल मेंचो कुख्यात ड्रग कार्टेल Jalisco New Generation Cartel (CJNG) का प्रमुख था। 2009 के आसपास उभरा यह संगठन जल्द ही मैक्सिको के सबसे हिंसक और ताकतवर ड्रग नेटवर्क में शामिल हो गया। अमेरिकी एजेंसियां इसे Sinaloa Cartel का सबसे बड़ा प्रतिद्वंद्वी मानती रही हैं। CJNG पर कोकीन, मेथामफेटामिन और विशेष रूप से फेंटेनाइल की बड़े पैमाने पर तस्करी के आरोप रहे हैं।

अमेरिका ने जलिस्को कार्टेल को आतंकवादी संगठन घोषित किया है और उस पर आरोप लगाया है कि वह कोकीन, हेरोइन, मेथामफेटामिन और फेंटानिल जैसी ड्रग्स अमेरिका भेजता है.

1.5 करोड़ डॉलर का इनाम

अमेरिकी विदेश विभाग ने एल मेंचो की गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले के लिए 1.5 करोड़ डॉलर (करीब 136 करोड़ रुपये) तक का इनाम घोषित किया था। अमेरिकी आंकड़ों के अनुसार हाल के महीनों में अमेरिका में जब्त की गई फेंटेनाइल की बड़ी खेपों का स्रोत मैक्सिको सीमा से जुड़ा रहा है, जिससे CJNG की भूमिका पर लगातार सवाल उठते रहे।

अमेरिका–मैक्सिको संबंधों के बीच बड़ी कार्रवाई

यह ऑपरेशन ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump मैक्सिको पर ड्रग तस्करी रोकने को लेकर दबाव बना रहे थे। उन्होंने मैक्सिको से आयात पर टैरिफ लगाने की चेतावनी भी दी थी। वहीं, मैक्सिको की राष्ट्रपति Claudia Sheinbaum की सरकार पर ड्रग नेटवर्क के खिलाफ पर्याप्त सख्ती न बरतने के आरोप लगते रहे हैं।

इससे पहले Joaquín Guzmán उर्फ ‘एल चापो’ और Ismael Zambada जैसे बड़े कार्टेल सरगनाओं की गिरफ्तारी हो चुकी है और वे अमेरिका में सजा काट रहे हैं।

एल मेंचो की मौत को मैक्सिको के लंबे ड्रग युद्ध में एक अहम मोड़ माना जा रहा है। हालांकि सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि इससे सत्ता संघर्ष और हिंसा की नई लहर भी भड़क सकती है।

Comments are closed.