दुबई में रह रहे दिल्ली के लोग सहमे, घरवालों को सता रही चिंता

2

पश्चिम एशिया में इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते टकराव का असर खाड़ी देशों में रह रहे भारतीयों पर भी पड़ रहा है। दुबई में मौजूद दिल्ली के कई परिवारों ने बढ़ती सुरक्षा सतर्कता और अनिश्चित हालात के बीच चिंता जताई है, जबकि भारत में उनके परिजन लगातार संपर्क में बने हुए हैं।

दुबई में रह रहे दिल्ली के राजीव श्रीवास्तव ने बताया कि हालात बिगड़ने के बाद स्थानीय प्रशासन ने एहतियाती दिशानिर्देश जारी किए हैं। कुछ इलाकों में ऊंची इमारतों को खाली कराया गया है और लोगों को घरों के भीतर रहने की सलाह दी गई है। “हर अलर्ट के साथ तनाव बढ़ जाता है। सभी लोग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं,” उन्होंने कहा।

मंडावली के मेहदी अब्बास, जो दुबई में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं और बुर्ज खलीफा के पास रहते हैं, ने बताया कि हाल ही में तेज धमाके की आवाज के बाद मोबाइल फोन पर आपातकालीन अलर्ट प्राप्त हुआ। प्रशासन ने तुरंत संदेश जारी कर लोगों से घरों के अंदर रहने को कहा। “परिवार वाले घबरा गए थे। लगातार फोन आ रहे थे। वीडियो कॉल कर उन्हें भरोसा दिलाना पड़ा कि मैं सुरक्षित हूं,” उन्होंने बताया।

सुरक्षा कारणों से कई दफ्तरों में वर्क फ्रॉम होम लागू कर दिया गया है। लोगों को अफवाहों से दूर रहने और केवल आधिकारिक सूचना पर भरोसा करने की सलाह दी जा रही है। मेहदी का कहना है कि फिलहाल वे नौकरी के कारण भारत नहीं लौट सकते, लेकिन स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए हैं।

लक्ष्मी नगर निवासी उद्योगपति विद्या भूषण ने बताया कि उनकी पत्नी और बच्चे इस समय दुबई में हैं। “उन्होंने बताया कि समय-समय पर अलर्ट जारी हो रहे हैं और लोगों को घरों में रहने को कहा जा रहा है,” उन्होंने कहा। नेटवर्क पर दबाव कम करने के लिए अनावश्यक कॉल और वीडियो साझा करने से बचने की अपील भी की गई है।

दिल्ली में कई परिवार अपने परिजनों से लगातार संपर्क में हैं और हालात सामान्य होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। अनिश्चित माहौल के बीच सबसे बड़ी चिंता अपनों की सुरक्षा को लेकर है।

Comments are closed.