केरल में अवैध LPG पर शिकंजा: 500 सिलेंडर जब्त, 232 वितरकों पर जुर्माना

5

देशभर में LPG की कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्ती के बीच केरल में बड़ा खुलासा हुआ है। तिरुवनंतपुरम के अटिंगल स्थित एक निजी गैस एजेंसी पर छापेमारी कर अधिकारियों ने करीब 500 अवैध सिलेंडर जब्त किए हैं। इस पूरे मामले की जांच जारी है।

सप्लाई संकट के बीच सख्ती बढ़ी
पेट्रोलियम मंत्रालय के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय हालात के चलते LPG सप्लाई पर दबाव बढ़ने की आशंका के बीच सरकार ने कालाबाजारी रोकने के लिए देशभर में विशेष अभियान तेज कर दिया है।

देशभर में कार्रवाई के आंकड़े
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अब तक 1.31 लाख से ज्यादा छापे मारे जा चुके हैं। इस दौरान 59,000 से अधिक सिलेंडर जब्त हुए, 1000 से ज्यादा एफआईआर दर्ज की गईं और 238 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 232 LPG वितरकों पर जुर्माना लगाया गया है, जबकि 56 को निलंबित भी किया जा चुका है।

PNG की ओर बढ़ते कदम
LPG पर निर्भरता कम करने के लिए सरकार पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) नेटवर्क का विस्तार भी तेजी से कर रही है। मार्च 2026 से अब तक करीब 4.40 लाख PNG कनेक्शन सक्रिय किए जा चुके हैं, जबकि 4.88 लाख से ज्यादा लोगों ने नए कनेक्शन के लिए पंजीकरण कराया है।

FTL सिलेंडर की मांग में उछाल
इसी बीच 5 किलोग्राम वाले FTL सिलेंडर की मांग तेजी से बढ़ी है। 23 मार्च 2026 से अब तक 14.3 लाख से ज्यादा सिलेंडर बिक चुके हैं। सोमवार को ही लगभग 1.1 लाख सिलेंडर की बिक्री दर्ज की गई, जो फरवरी के औसत 77,000 सिलेंडर प्रतिदिन से काफी ज्यादा है।

सरकार का कहना है कि इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि आम उपभोक्ताओं को गैस की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके और कालाबाजारी पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

Comments are closed.