जकार्ता ट्रेन हादसा: आमने-सामने भिड़ीं दो ट्रेनें, 7 लोगों की जान गई

3

इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता के बाहरी इलाके में मंगलवार सुबह बड़ा रेल हादसा हुआ, जहां दो ट्रेनों की आमने-सामने टक्कर में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और 81 अन्य घायल हो गए। यह दुर्घटना शहर से करीब 25 किलोमीटर दूर बेकासी तिमुर स्टेशन के पास हुई।

सरकारी रेल कंपनी Kereta Api Indonesia (KAI) के प्रवक्ता फ्रानोटो विबोवो ने बताया कि मृतकों की संख्या अस्पताल के रिकॉर्ड के आधार पर पुष्टि की गई है। उन्होंने कहा कि सेना, दमकल विभाग और राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी की टीमें मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक कम्यूटर लाइन ट्रेन ट्रैक-1 पर खड़ी थी और पूर्व दिशा की ओर जाने वाली थी। इसी दौरान पश्चिम दिशा से आ रही एक लंबी दूरी की डीजल ट्रेन उसी ट्रैक पर पहुंच गई और सामने से टकरा गई, जिससे यह भीषण हादसा हुआ।

घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया है। अधिकारियों ने कहा है कि अभी राहत कार्य जारी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि कम्यूटर ट्रेन का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के तुरंत बाद यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

Comments are closed.