$375 मिलियन जुर्माना: Meta का सख्त रुख, न्यू मैक्सिको में सेवाएं बंद करने की चेतावनी

3

सोशल मीडिया दिग्गज Meta Platforms ने चेतावनी दी है कि वह अमेरिकी राज्य New Mexico में अपने प्लेटफॉर्म—Facebook, Instagram और WhatsApp—की सेवाएं बंद कर सकती है।

यह बयान एक बड़े कानूनी विवाद के बीच आया है, जिसमें कंपनी पर बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर आरोप लगे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक जूरी ने मेटा को दोषी ठहराते हुए उस पर 375 मिलियन डॉलर (करीब 3000 करोड़ रुपये) का जुर्माना लगाया। अदालत ने माना कि कंपनी ने यूजर्स को सुरक्षा संबंधी जानकारी में गुमराह किया और उसके प्लेटफॉर्म पर बच्चों के शोषण से जुड़े मामलों को पर्याप्त रूप से रोकने में विफल रही।

‘रिमेडीज फेज’ में होगा अगला फैसला

मामला अब ‘रिमेडीज फेज’ में जाएगा, जिसकी सुनवाई 4 मई से शुरू हो रही है। इस चरण में यह तय किया जाएगा कि मेटा को अपने प्लेटफॉर्म में कौन-कौन से बदलाव करने होंगे।

मेटा की दलील

मेटा का कहना है कि प्रस्तावित नियम व्यवहारिक नहीं हैं। कंपनी के अनुसार, अगर ये लागू होते हैं तो उसे न्यू मेक्सिको के लिए अपने ऐप्स के अलग वर्जन तैयार करने पड़ेंगे, जो तकनीकी रूप से जटिल और महंगा होगा। मेटा ने संकेत दिया कि सख्त नियमों की स्थिति में वह राज्य से अपनी सेवाएं पूरी तरह हटा सकती है।

राज्य सरकार का रुख

वहीं, न्यू मेक्सिको के अटॉर्नी जनरल Raul Torrez ने मेटा की चेतावनी को “पब्लिक रिलेशन स्टंट” बताया। उनका कहना है कि कंपनी के पास सुरक्षा उपाय लागू करने की क्षमता है, लेकिन वह मुनाफे को प्राथमिकता देती है।

क्या हैं राज्य की मांगें

राज्य सरकार ने प्लेटफॉर्म पर कड़े सुरक्षा नियम लागू करने की मांग की है, जिनमें उम्र की सख्त जांच, हानिकारक कंटेंट पर रोक, चेतावनी लेबल और बच्चों के शोषण को रोकने के लिए सख्त नियंत्रण शामिल हैं। इसके अलावा नाबालिगों के लिए एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग पर सीमाएं और स्वतंत्र निगरानी की व्यवस्था की भी बात कही गई है।

मेटा ने इन प्रस्तावों का विरोध करते हुए कहा है कि ये नियम केवल एक कंपनी को निशाना बनाते हैं, जबकि अन्य प्लेटफॉर्म्स पर समान मानक लागू नहीं किए जा रहे।

Comments are closed.