मंगलवार रात पंजाब में लगातार दो धमाकों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी। जालंधर और अमृतसर में महज तीन घंटे के भीतर बीएसएफ प्रतिष्ठानों के बाहर हुए विस्फोटों से इलाके में हड़कंप मच गया।
जालंधर में रात करीब 8:15 बजे बीएसएफ मुख्यालय के बाहर खड़ी एक स्कूटी में जोरदार धमाका हुआ। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास का इलाका दहल उठा और आवाज दूर तक सुनाई दी। घटना में एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है। स्कूटी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, वाहन एक डिलीवरी एजेंट का था, जो पार्सल देने आया था, लेकिन अंदर प्रवेश न मिलने पर स्कूटी बाहर खड़ी कर दी थी।
इसके करीब ढाई घंटे बाद अमृतसर के खासा इलाके में, जो अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास है, बीएसएफ हेडक्वार्टर के बाहर एक और धमाका हुआ। पुलिस के मुताबिक, बाइक सवार दो संदिग्ध हमलावरों ने विस्फोटक सामग्री परिसर की ओर फेंकी, जिससे दीवार के पास धमाका हुआ। इस घटना में चारदीवारी और टीन शेड को नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक जांच में ग्रेनेड हमले की आशंका जताई गई है।
दोनों घटनाओं के बाद जालंधर और अमृतसर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस, बीएसएफ और अन्य एजेंसियां मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी हैं। बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीमें सबूत जुटा रही हैं, जबकि आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि जालंधर में हुआ विस्फोट दुर्घटना था या सुनियोजित साजिश, जबकि अमृतसर की घटना में हमलावरों की पहचान और मंशा की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर ही निष्कर्ष सामने आएगा।
Comments are closed.