सोना-चांदी के दामों में लगेगी आग! सरकार ने बढ़ाई इंपोर्ट ड्यूटी, खरीदारी पर बढ़ेगा बोझ

1

अगर आप सोना या चांदी खरीदने की तैयारी कर रहे हैं, तो अब आपको ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है।

केंद्र सरकार ने सोना, चांदी और अन्य कीमती धातुओं पर लगने वाली इंपोर्ट ड्यूटी में बड़ा इजाफा कर दिया है। वित्त मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार नई दरें 13 मई 2026 से लागू हो चुकी हैं। सरकार के इस फैसले के बाद घरेलू बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में उछाल आने की संभावना बढ़ गई है। आयात महंगा होने से इसका असर सीधे सर्राफा कारोबारियों और ग्राहकों दोनों पर पड़ेगा।

सोने पर इंपोर्ट ड्यूटी 15% तक पहुंची

सरकार ने सोने पर कुल इंपोर्ट ड्यूटी 6% से बढ़ाकर 15% कर दी है। बेसिक कस्टम ड्यूटी (BCD) को 5% से बढ़ाकर 10% किया गया है, जबकि एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलपमेंट सेस (AIDC) 1% से बढ़ाकर 5% कर दिया गया है। इसके अलावा UAE से तय कोटे के तहत आने वाले गोल्ड पर मिलने वाली रियायत भी अब सीमित हो जाएगी, जिससे आयातकों की लागत और बढ़ सकती है।

ग्राहकों और उद्योगों पर बढ़ेगा असर

ड्यूटी बढ़ने का सीधा असर ज्वेलरी की कीमतों पर देखने को मिल सकता है। शादी-ब्याह या निवेश के लिए सोना खरीदने वालों को अब पहले से ज्यादा खर्च करना पड़ सकता है। इतना ही नहीं, इलेक्ट्रॉनिक्स, मैन्युफैक्चरिंग और रिसाइक्लिंग जैसे सेक्टर, जहां कीमती धातुओं का इस्तेमाल होता है, वहां भी लागत बढ़ने की आशंका है। इससे कई उत्पाद महंगे हो सकते हैं।

गोल्ड इंपोर्ट ने बनाया नया रिकॉर्ड

भारत में सोने का आयात लगातार बढ़ रहा है। वित्त वर्ष 2025-26 में गोल्ड इंपोर्ट 24% से ज्यादा बढ़कर रिकॉर्ड 71.98 अरब डॉलर तक पहुंच गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष में यह 58 अरब डॉलर था। हालांकि मात्रा के लिहाज से आयात थोड़ा घटा है। पिछले साल 757.09 टन के मुकाबले इस बार 721.03 टन सोना आयात किया गया। भारत, चीन के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा गोल्ड उपभोक्ता है।

देश सबसे ज्यादा सोना स्विट्जरलैंड से आयात करता है, जिसकी हिस्सेदारी करीब 40% है। इसके बाद UAE और दक्षिण अफ्रीका का नंबर आता है।

पहले घटाई गई थी ड्यूटी

दिलचस्प बात यह है कि जुलाई 2024 के बजट में सरकार ने गोल्ड पर कुल इंपोर्ट ड्यूटी 15% से घटाकर 6% कर दी थी, ताकि बाजार को राहत मिल सके। लेकिन अब बढ़ते आयात और विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव को देखते हुए सरकार ने फिर से ड्यूटी बढ़ा दी है।

पीएम मोदी ने की थी बचत की अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में लोगों से खर्चों में संयम बरतने की अपील की थी। उन्होंने खासतौर पर सोने की खरीदारी, विदेशी यात्राओं और ईंधन की खपत कम करने पर जोर दिया, ताकि विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव कम हो और अर्थव्यवस्था मजबूत बनी रहे।

Comments are closed.