पश्चिमी विक्षोभ का असर शुरू, दिल्ली-यूपी सहित उत्तर भारत में 3 दिन राहत के आसार; IMD का अलर्ट जारी

4

उत्तर भारत में कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और लू के बीच मौसम ने अचानक करवट ली है। नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक मौसम के इसी तरह बने रहने का अनुमान जताया है।

IMD के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। दिल्ली-NCR, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है। कई राज्यों में आंधी और खराब मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

गुरुवार को दिनभर तेज गर्मी के बाद शाम होते-होते मौसम बदल गया। दिल्ली में तेज हवाओं और बारिश ने राहत दी, जबकि हरियाणा के कई इलाकों में ओलावृष्टि हुई। उत्तर प्रदेश के बदायूं, मुरादाबाद और बुंदेलखंड क्षेत्र में भी बारिश और ओले गिरने की खबरें सामने आईं। कई जगह तेज हवाओं से पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए।

इससे पहले दिल्ली में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि उत्तर प्रदेश के बांदा में पारा 47.5 डिग्री तक पहुंच गया। राजस्थान के श्रीगंगानगर में भी तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के पार रहा। हरियाणा और पंजाब के कई जिलों में भी भीषण गर्मी का असर देखने को मिला।

खराब मौसम के चलते हरियाणा के नूंह जिले में हादसे भी हुए। तेज आंधी के दौरान दीवार और मकान गिरने से दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। वहीं, उत्तराखंड के पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत में भारी ओलावृष्टि से फसलों और फलों को नुकसान पहुंचा है। हालांकि बारिश से जंगलों में लगी आग बुझने से राहत भी मिली।

हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में भी मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

तेज बारिश और आंधी का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। दिल्ली आने वाली कई उड़ानों को जयपुर, लखनऊ और चंडीगढ़ डायवर्ट करना पड़ा। वहीं, बेंगलुरु से दिल्ली जा रहे एक विमान में यात्री की तबीयत बिगड़ने पर मेडिकल इमरजेंसी के तहत विमान की प्राथमिकता से लैंडिंग कराई गई।

पूर्वोत्तर क्षेत्र में भी मौसम ने परेशानी बढ़ाई है। पश्चिम बंगाल के कालिम्पोंग में भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया और तेज बहाव में दोपहिया वाहन बहते नजर आए। लगातार बारिश के चलते स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है।

Comments are closed.