दिल्ली से लेकर बिहार तक बदलेगा मौसम, आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी

1

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में मौसम को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार सहित करीब 16–17 राज्यों में तेज आंधी, गरज-चमक और भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इसके चलते तापमान में गिरावट आने और भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। विभाग ने अगले 2 से 3 घंटों के भीतर कई जगहों पर तेज बारिश और आंधी के लिए मोबाइल अलर्ट भी जारी किया है।

IMD ने बताया है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और बिहार के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ चुका है। अगले कुछ दिनों में इसके उत्तर प्रदेश, झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ तक पहुंचने की स्थिति अनुकूल बनी हुई है।

आज इन राज्यों में असर ज्यादा
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में तेज आंधी, ओलावृष्टि और 60–80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम और मेघालय में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

उत्तर प्रदेश में पिछले कई दिनों से मौसम का उतार-चढ़ाव जारी है। हाल के दिनों में आंधी-बारिश के चलते कई जिलों में जनहानि की घटनाएं भी सामने आई हैं।

इसी बीच छत्तीसगढ़ के कांकेर में आकाशीय बिजली गिरने से उपसरपंच समेत तीन लोगों की मौत हो गई और कुछ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौसम विभाग ने यूपी के कई जिलों में शनिवार को हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है। वहीं सोमवार से राज्य के कई हिस्सों में फिर से भीषण गर्मी और लू लौटने के संकेत दिए गए हैं।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक पाकिस्तान क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और पूर्वी उत्तर प्रदेश के आसपास बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि 22 जून से प्री-मानसून गतिविधियां और तेज होंगी। इसके बाद 25 जून के आसपास मानसून के पूरे प्रदेश में फैलने की संभावना है, हालांकि इसके आगमन में कुछ दिनों की देरी हो सकती है।

Comments are closed.