कनाडा में लुधियाना की 23 वर्षीय युवती की गला घोंटकर हत्या, लिव-इन पार्टनर पर मर्डर का केस
कनाडा के एडमोंटन शहर में पंजाब की 23 वर्षीय दमनप्रीत कौर की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने उसके लिव-इन पार्टनर रितेश कुमार को गिरफ्तार कर सेकंड-डिग्री मर्डर का आरोप लगाया है। दमनप्रीत कौर पंजाब के लुधियाना जिले के समराला की रहने वाली थीं। उनकी मौत की खबर से परिवार और स्थानीय समुदाय में शोक की लहर है।
घर से बेहोशी की हालत में मिली थीं दमनप्रीत
एडमोंटन पुलिस सर्विस (EPS) के अनुसार, 9 जुलाई 2026 की शाम करीब 6:44 बजे सिल्वरबेरी इलाके के एक घर से एक महिला के बेहोश होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दमनप्रीत को गंभीर हालत में पाया। उनके शरीर पर चोटों के निशान भी थे।
महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां तीन दिन तक इलाज चलने के बाद 12 जुलाई को उनकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि
14 जुलाई को हुए पोस्टमार्टम में एडमोंटन मेडिकल एग्जामिनर ऑफिस ने पुष्टि की कि दमनप्रीत की मौत गला घोंटने (Strangulation) से हुई और इसे हत्या करार दिया गया। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से हिरासत में लिए गए 22 वर्षीय रितेश कुमार को 22 जुलाई को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सेकंड-डिग्री मर्डर का मामला दर्ज किया।
पुलिस का कहना है कि यह एक इंटिमेट पार्टनर वायलेंस (करीबी साथी द्वारा की गई हत्या) का मामला है और फिलहाल किसी अन्य संदिग्ध की तलाश नहीं की जा रही है।
शव भारत लाने के लिए परिवार ने शुरू किया अभियान
दमनप्रीत के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए भारत लाने हेतु उनके परिवार ने GoFundMe पर एक फंडरेजिंग अभियान शुरू किया है। परिवार का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पार्थिव शरीर को भारत लाने, जरूरी दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी करने और अंतिम संस्कार से जुड़े खर्च काफी अधिक हैं। ऐसे कठिन समय में उन्होंने लोगों से आर्थिक सहयोग की अपील की है.
Comments are closed.