शिक्षा मंत्री बनते ही प्रल्हाद जोशी बोले- ‘यह मेरे लिए बिल्कुल नया विषय’

0

प्रल्हाद जोशी ने संभाला केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पद, बोले- ‘शिक्षा मेरे लिए नया विषय, पहले मंत्रालय को पूरी तरह समझूंगा’

नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने रविवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पदभार ग्रहण कर लिया। धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद उन्हें शिक्षा मंत्रालय की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई थी। पद संभालने के बाद जोशी ने कहा कि वह मंत्रालय के कामकाज की समीक्षा कर रहे हैं और विभाग को विस्तार से समझने के बाद ही किसी नीति या फैसले पर टिप्पणी करेंगे।

पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में प्रल्हाद जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन पर भरोसा जताते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि वह हाल ही में कर्नाटक से लौटे हैं और रविवार सुबह औपचारिक रूप से मंत्रालय का कार्यभार संभाला।

‘मंत्रालय की कार्यप्रणाली समझ रहा हूं’

जोशी ने कहा, “मैंने आज पदभार ग्रहण किया है। फिलहाल मंत्रालय से जुड़ी सभी जानकारियों और अब तक लिए गए फैसलों की समीक्षा कर रहा हूं। अधिकारियों से लगातार बैठकें हो रही हैं और मैं पूरे मंत्रालय की कार्यप्रणाली को समझने की कोशिश कर रहा हूं।”

‘शिक्षा मेरे लिए नया विषय है’

उन्होंने स्वीकार किया कि शिक्षा मंत्रालय उनके लिए नया क्षेत्र है। उन्होंने कहा, “यह मेरे लिए एक नया विषय है। वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा हुई है। शिक्षा मंत्रालय बहुत बड़ा विभाग है, इसलिए पहले इसे पूरी तरह समझना जरूरी है। इसके बाद ही मैं विस्तार से अपनी बात रखूंगा।”

पीएम मोदी का जताया आभार

पदभार संभालने के तुरंत बाद प्रल्हाद जोशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, “आज मैंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के रूप में पदभार ग्रहण किया। मुझ पर विश्वास जताकर यह जिम्मेदारी सौंपने के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हृदय से आभारी हूं। मैं इस दायित्व को पूरी विनम्रता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ निभाने का प्रयास करूंगा।”

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाल रहे प्रल्हाद जोशी ने संकेत दिया कि उनकी प्राथमिकता फिलहाल मंत्रालय के कामकाज को समझना और अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करना होगी।

Comments are closed.