तीन राज्यों की 3 विधानसभा सीटों पर वोटिंग जारी, 3 अगस्त को आएंगे उपचुनाव के नतीजे

1

एमपी, बिहार और गुजरात की 3 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी, 3 अगस्त को आएंगे उपचुनाव के नतीजे

मध्य प्रदेश, बिहार और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर बुधवार को उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। बिहार की बांकीपुर, मध्य प्रदेश की दतिया और गुजरात की मंजलपुर सीट पर सुबह 7 बजे से वोट डाले जा रहे हैं। मतदान शाम तक चलेगा, जबकि मतगणना 3 अगस्त को होगी।

दतिया सीट पर क्यों हो रहा है उपचुनाव?

मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने के बाद खाली हुई थी। दिल्ली की एक अदालत ने उन्हें धोखाधड़ी के मामले में तीन साल की सजा सुनाई थी, जिसके बाद अप्रैल में उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द कर दी गई।

बुंदेलखंड और चंबल क्षेत्र के बीच स्थित इस हाई-प्रोफाइल सीट पर बीजेपी ने आशुतोष तिवारी और कांग्रेस ने घनश्याम सिंह को उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा अन्य दलों के प्रत्याशी भी मैदान में हैं। इस सीट पर 2,20,344 मतदाता हैं, जिनमें 1,16,088 पुरुष और 1,04,246 महिला मतदाता शामिल हैं। कुल 21 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

बांकीपुर सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला

बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट भाजपा विधायक नितिन नवीन के राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद खाली हुई थी। इस सीट पर जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर, बीजेपी के नीरज कुमार सिन्हा और आरजेडी की रेखा गुप्ता के बीच मुकाबला चर्चा में है।

मंजलपुर सीट पर बीजेपी की साख की परीक्षा

गुजरात की मंजलपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री योगेश पटेल के निधन के कारण कराया जा रहा है। 2008 में परिसीमन के बाद अस्तित्व में आई इस सीट पर अब तक बीजेपी का दबदबा रहा है, ऐसे में पार्टी इस सीट को बरकरार रखने की कोशिश में है।

उधर, वडोदरा में बीजेपी नेता जय प्रकाश सोनी ने मंजलपुर विधानसभा सीट के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग किया। तीनों राज्यों में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। मतदान समाप्त होने के बाद वोटों की गिनती 3 अगस्त को होगी, जब इन तीनों सीटों के नतीजे सामने आएंगे।

Comments are closed.