युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के आरोप में Meta पर 56.7 करोड़ डॉलर का जुर्माना

0
अमेरिका के न्यू मेक्सिको की एक अदालत ने Meta को किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य फंड में 56.7 करोड़ डॉलर का भुगतान करने का आदेश दिया है।
कोर्ट ने कंपनी को राज्य में किशोरों के लिए अपने प्लेटफॉर्म के काम करने के तरीके में भी बदलाव करने के निर्देश दिए हैं। अदालत ने माना कि Meta के प्लेटफॉर्म किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने में जिम्मेदार रहे हैं।
सांता फे के जज ब्रायन बीडशेड ने अटॉर्नी जनरल राउल टोरेज के पक्ष में फैसला सुनाया। टोरेज ने Meta पर आरोप लगाया था कि कंपनी ने अपने प्लेटफॉर्म इस तरह डिजाइन किए, जिससे युवा यूजर्स के इनके आदी होने का खतरा बढ़ता है। कंपनी पर बच्चों को ऑनलाइन यौन शोषण से बचाने में नाकाम रहने का भी आरोप लगाया गया था।
किशोरों की सुरक्षा के लिए कड़े निर्देश
कोर्ट के आदेश के तहत Facebook और Instagram पर किशोरों के इस्तेमाल को लेकर कई नए नियम लागू किए जाएंगे। इनमें मासिक उपयोग सीमा, नोटिफिकेशन पर रोक और नाबालिगों से वयस्कों के संपर्क पर कड़े प्रतिबंध शामिल हैं।
इसके अलावा, Meta को अपने AI चैटबॉट्स में अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लागू करने और बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी शिकायतों की समीक्षा व्यवस्था को मजबूत करने का निर्देश दिया गया है। ये आदेश अगले पांच वर्षों तक प्रभावी रहेगा।
फैसले के खिलाफ अपील करेगी Meta
Meta ने अदालत के फैसले को चुनौती देने की बात कही है। कंपनी का कहना है कि वह अपने प्लेटफॉर्म से हानिकारक कंटेंट की पहचान कर उसे हटाने और किशोरों की सुरक्षा के लिए लगातार काम कर रही है।
Meta ने कहा कि उसे किशोरों की सुरक्षा के अपने रिकॉर्ड पर भरोसा है और वह उन आरोपों के खिलाफ अपना बचाव जारी रखेगी, जिनमें तथ्यों को गलत तरीके से पेश किया गया है।

Comments are closed.