पूर्वोत्तर में बाढ़ से तबाही, अरुणाचल में 5 जवान लापता; दिल्ली समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
देशभर में बारिश का अलर्ट, अरुणाचल में बाढ़ से 5 जवान लापता; यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में बिगड़ेगा मौसम
मौसम विभाग ने आज देश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के अलावा पूर्वोत्तर के राज्यों में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है। लगातार बारिश के कारण अरुणाचल प्रदेश, असम और सिक्किम में बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
अरुणाचल प्रदेश के दिबांग घाटी जिले में अचानक आई बाढ़ से सेना का एक शिविर प्रभावित हुआ। बाढ़ के तेज बहाव में दो आश्रय स्थल बह गए, जिसके बाद पांच सैन्यकर्मी लापता बताए जा रहे हैं। वहीं, ऊपरी सुबनसिरी जिले में सड़क निर्माण स्थल पर भूस्खलन की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई।
दिल्ली-NCR में तेज हवाओं के साथ बारिश
दिल्ली-एनसीआर में आज कई इलाकों में भारी बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। राजधानी में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अलर्ट
उत्तर प्रदेश के मेरठ, मुजफ्फरनगर, गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, कानपुर, बिजनौर, सहारनपुर, शामली, बदायूं, शाहजहांपुर, इटावा, लखीमपुर खीरी, औरैया, जालौन, हमीरपुर, फिरोजाबाद, अयोध्या, बस्ती, बुलंदशहर, गाजीपुर, गोरखपुर, प्रयागराज और देवरिया में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। कुछ इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
बिहार में भी भारी बारिश की चेतावनी
बिहार के पश्चिम चंपारण, सिवान, गोपालगंज, सारण, पूर्वी चंपारण, पटना, गया, भोजपुर, बक्सर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, कटिहार, भागलपुर, खगड़िया और बेगूसराय में भारी बारिश और तूफानी हवाओं की संभावना जताई गई है।
पहाड़ी राज्यों में बढ़ा भूस्खलन का खतरा
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में व्यापक बारिश का अनुमान है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और सड़कें बाधित होने का खतरा बढ़ गया है। लोगों को मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
पूर्वोत्तर में बाढ़ से बिगड़े हालात
अरुणाचल प्रदेश, असम और सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी है। अरुणाचल प्रदेश के कई जिलों में बाढ़ और भूस्खलन से जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई स्थानों पर सड़क संपर्क बाधित है। असम में नदियों का जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में खतरा बढ़ गया है, जबकि सिक्किम में भूस्खलन की घटनाओं के बाद प्रशासन अलर्ट पर है।
मौसम विभाग के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश, असम-मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। खराब मौसम को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में लोगों को सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
Comments are closed.