इमरान खान को अदियाला जेल से अस्पताल किया गया शिफ्ट, शिफा अस्पताल के बाहर भारी सुरक्षा

1

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद गुरुवार देर रात इलाज के लिए अदियाला जेल से इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल अस्पताल ले जाया गया। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) ने इसकी पुष्टि की है।

इमरान खान की स्वास्थ्य स्थिति और इलाज को लेकर जताई गई चिंताओं के बाद सुप्रीम कोर्ट की तीन सदस्यीय पीठ ने उन्हें अस्पताल में चिकित्सा जांच कराने का निर्देश दिया था। अदालत ने विशेषज्ञों और इमरान खान के निजी चिकित्सक डॉ. फैसल सुल्तान को शामिल करते हुए मेडिकल बोर्ड गठित करने का भी आदेश दिया है।

अस्पताल में जांच के बाद यह फैसला होगा कि उन्हें आगे इलाज के लिए वहीं रखा जाएगा या वापस अदियाला जेल भेजा जाएगा। हालांकि, इमरान खान के परिवार और पार्टी ने अस्पताल में ही उनका उपचार जारी रखने की मांग की है।

पाकिस्तान के संसदीय मामलों के मंत्री तारिक फजल चौधरी ने कहा कि अगर देश में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाएं इमरान खान के इलाज के लिए पर्याप्त नहीं होती हैं, तो सरकार उन्हें विदेश भेजने के विकल्प पर भी विचार कर सकती है।

इमरान खान की सेहत को लेकर विवाद तब बढ़ा, जब जनवरी के अंत में उनके परिवार ने दावा किया कि उनकी दाहिनी आंख की करीब 85 प्रतिशत दृष्टि प्रभावित हुई है। हालांकि, अधिकारियों ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा था कि उनकी आंखों की रोशनी में 70 प्रतिशत तक सुधार हुआ है।

अप्रैल 2022 में अविश्वास प्रस्ताव के जरिए सत्ता से हटाए गए इमरान खान 2023 से जेल में बंद हैं। भ्रष्टाचार समेत कई मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद वह अदियाला जेल में सजा काट रहे हैं।

Comments are closed.