मार्क जुकरबर्ग बने आयरलैंड के 200 साल पुराने महल के नए मालिक, आलीशान हवेली की

1

मार्क जुकरबर्ग ने आयरलैंड में खरीदा 200 साल पुराना स्ट्रैंकली कैसल, परिवार के लिए बनेगा खास ठिकाना

मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग और उनके परिवार ने आयरलैंड में एक ऐतिहासिक महल खरीदा है। अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने काउंटी वॉटरफोर्ड में स्थित करीब 200 साल पुराने स्ट्रैंकली कैसल को अपने नाम किया है। हालांकि, ऑफ-मार्केट डील होने के कारण संपत्ति की कीमत सार्वजनिक नहीं हुई है।

तीन मंजिला स्ट्रैंकली कैसल गॉथिक रिवाइवल शैली में बना है और डबलिन से करीब 150 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित है। इसका निर्माण 1827 में एक अंग्रेज राजनेता के लिए कराया गया था। बीते करीब 20 वर्षों में महल के पूर्व मालिकों ने इसकी मरम्मत और नवीनीकरण पर काफी खर्च किया है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, यह सौदा एलेन-बकली परिवार के साथ हुआ है। पूर्व मालिकों में माइकल एलेन-बकली भी शामिल रहे हैं, जो लंदन स्थित प्राइवेट इन्वेस्टमेंट फर्म आरएबी कैपिटल के सह-संस्थापक हैं। जुकरबर्ग के प्रतिनिधि ने बताया कि मार्क और उनका परिवार इस ऐतिहासिक घर की देखभाल जारी रखने को लेकर खुश है। परिवार आयरलैंड में अपने प्रवास के दौरान इस संपत्ति का इस्तेमाल करेगा।

आयरलैंड में मेटा का कारोबार भी काफी बड़ा है। कंपनी के करीब 1,500 कर्मचारी यहां काम करते हैं। डबलिन में मेटा का अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय है, जबकि कॉर्क में वर्चुअल और ऑगमेंटेड रियलिटी से जुड़ा कारोबार संचालित होता है। डबलिन के बाहर कंपनी का एक डेटा सेंटर भी है।

हालांकि, सौदे की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है, लेकिन स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय मीडिया में जुकरबर्ग के इस नए आलीशान ठिकाने की खबर चर्चा में है।

Comments are closed.