ब्रिटेन में एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में तकनीकी खराबी, 600 से ज्यादा उड़ानें रद्द

0

ब्रिटेन में मंगलवार को एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में तकनीकी खराबी से हवाई सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं।

सिस्टम फेल होने के कारण 600 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि कई अन्य उड़ानों में देरी हुई। इससे हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। Flightradar24 और Sky News की रिपोर्ट के मुताबिक, तकनीकी गड़बड़ी का असर ब्रिटेन के कई प्रमुख एयरपोर्ट्स पर पड़ा। इसके चलते ब्रिटिश एयरवेज, EasyJet, KLM और Lufthansa समेत कई बड़ी एयरलाइंस की उड़ानों का शेड्यूल प्रभावित हुआ।

NATS ने ठीक की सिस्टम की खराबी

ब्रिटेन की नेशनल एयर ट्रैफिक सर्विसेज (NATS) ने बताया कि मंगलवार दोपहर तकनीकी समस्या का पता चलते ही इंजीनियरों को इसे ठीक करने के काम में लगाया गया। बाद में एजेंसी ने कहा कि खराबी दूर कर ली गई है और उड़ान संचालन धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है।

NATS ने यात्रियों को हुई असुविधा और उड़ानों में देरी के लिए माफी मांगी। हालांकि, तकनीकी समस्या आखिर किस वजह से आई, इसकी जानकारी तत्काल नहीं दी गई।

कई एयरलाइंस और एयरपोर्ट प्रभावित

Flightradar24 के अनुसार, सिस्टम फेलियर की वजह से कई अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस की दर्जनों उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ। EasyJet ने भी बताया कि तकनीकी समस्या के चलते उसकी कई उड़ानें संचालित नहीं हो सकीं, जिससे यूरोप के विभिन्न हिस्सों में उड़ानों के समय पर असर पड़ा।

लंदन के हीथ्रो, स्टैनस्टेड और लंदन सिटी एयरपोर्ट के साथ-साथ मैनचेस्टर, बर्मिंघम और स्कॉटलैंड के कई हवाई अड्डों ने भी परिचालन प्रभावित होने की पुष्टि की।

हीथ्रो एयरपोर्ट की वेबसाइट के मुताबिक, मंगलवार को यूरोप जाने वाली कई छोटी दूरी की उड़ानें रद्द हुईं या देरी से चलीं। हालांकि, आने वाली उड़ानों पर इस तकनीकी समस्या का असर अपेक्षाकृत कम रहा।

Comments are closed.