फिलीपींस में पर्यटक स्थल के पास नाव में भीषण आग, 5 की मौत; 80 से ज्यादा लोग लापता

8

फिलीपींस के पलावन प्रांत के पास बुधवार शाम एक फेरी में अचानक भीषण आग लग गई।

इस हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 87 लोग अब भी लापता हैं। दुर्घटना पलावन के प्रमुख पर्यटन स्थलों के करीब समुद्र में हुई। पलावन फिलीपींस के सबसे लोकप्रिय पर्यटन क्षेत्रों में से एक है। यहां एल निडो और पुएर्टो प्रिंसेसा सबटेरियन रिवर जैसे मशहूर पर्यटन स्थल हैं, जहां हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं।

फिलीपींस कोस्ट गार्ड के अनुसार, एम/वी जून एस्टर नामक फेरी में तट से करीब 2.2 किलोमीटर दूर आग लगी। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते पूरा जहाज लपटों में घिर गया। कोस्ट गार्ड की ओर से जारी वीडियो में फेरी से उठती आग की ऊंची लपटें दिखाई दे रही हैं।

कोस्ट गार्ड कैप्टन नोएमी कायाब्याब ने बताया कि जहाज के मैनिफेस्ट के मुताबिक, फेरी पर कुल 134 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। बचाव अभियान के दौरान अब तक 42 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। इनमें 38 यात्री और चार क्रू सदस्य शामिल हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल 87 लोगों के लापता होने की जानकारी है। हालांकि, यह आंकड़ा अंतिम नहीं है और बचाव अभियान आगे बढ़ने के साथ इसमें बदलाव हो सकता है। कोस्ट गार्ड और अन्य बचाव दल समुद्र में लापता यात्रियों की तलाश में जुटे हुए हैं।

Comments are closed.