उत्तर प्रदेश में बाढ़ का असर 26 जिलों में बना हुआ है। राहत आयुक्त कार्यालय के अनुसार, बाढ़ प्रभावित इलाकों से अब तक 21,333 लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। जलभराव और दुर्गम क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य के लिए 2,304 नाव और मोटरबोट लगाई गई हैं।
प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों के बीच अब तक 8.58 लाख से अधिक लंच पैकेट बांटे जा चुके हैं। बुधवार को अकेले 83,545 लंच पैकेट वितरित किए गए। इसके अलावा 1.38 लाख से ज्यादा बाढ़ राहत किट भी लोगों तक पहुंचाई गई हैं। बाढ़ प्रभावित परिवारों को सुरक्षित ठिकाना देने के लिए प्रदेश में 1,343 बाढ़ शरणालय स्थापित किए गए हैं। इन शरणालयों में फिलहाल 7,581 लोग रह रहे हैं।
राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद के मुताबिक, अयोध्या, आजमगढ़, बहराइच, बदायूं, बलिया, बाराबंकी, बस्ती, फर्रुखाबाद, गाजीपुर, गोंडा, गोरखपुर, हरदोई, कासगंज, कौशांबी, कानपुर नगर, लखीमपुर खीरी, मिर्जापुर, मुरादाबाद, प्रयागराज, रायबरेली, संत कबीर नगर, रामपुर, सीतापुर, शाहजहांपुर, उन्नाव और वाराणसी में बाढ़ का प्रभाव जारी है।
प्रशासन की टीमें प्रभावित इलाकों में लगातार राहत और बचाव अभियान चला रही हैं। दुर्गम क्षेत्रों में फंसे लोगों को निकालने के साथ ही भोजन, राहत किट और अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराया जा रहा है।
Comments are closed.