बिहार बाढ़ में राहत के लिए मची लूट जैसी स्थिति, राशन पैकेट लेने पानी में कूदे लोग

3

बिहार के दियारा क्षेत्र की मानस पंचायत में बाढ़ पीड़ितों के बीच राहत सामग्री बांटने के दौरान अफरातफरी का वीडियो सामने आया है।

वीडियो में बड़ी संख्या में बाढ़ प्रभावित लोग राहत राशन लेने के लिए पानी में उतरकर नाव तक पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। कुछ लोग नाव से राशन के पैकेट लेने के बाद सीधे बाढ़ के पानी में कूदते हुए भी नजर आ रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया और इसकी जांच कराई। अनुमंडलाधिकारी विरुपाक्ष विक्रम सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच दानापुर के अंचलाधिकारी से कराई गई है। जांच में यह वीडियो मानस पंचायत का ही पाया गया।

सरकारी नाव से पहुंचाया जा रहा था सूखा राशन

एसडीओ ने बताया कि मानस पंचायत के एक वार्ड में बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच वितरण के लिए सरकारी नाव से सूखा राशन के पैकेट ले जाए जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बड़ी संख्या में बाढ़ पीड़ित नाव के पास पहुंच गए और राहत सामग्री लेने की कोशिश करने लगे।

लोगों की बढ़ती भीड़ नाव पर चढ़ने लगी, जिससे नाव का संतुलन बिगड़ने लगा। कर्मचारियों की सुरक्षा को देखते हुए नाव को आगे ले जाने के बजाय मौके पर ही राहत सामग्री लोगों के बीच बांटने का फैसला लिया गया।

राहत पैकेट के लिए पानी में उतर गए लोग

राहत सामग्री पाने की होड़ में कई लोग बाढ़ के पानी में उतरकर नाव तक पहुंच गए। इसी वजह से वहां कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बन गई। वायरल वीडियो में राहत सामग्री लेने के लिए लोगों की यह जद्दोजहद साफ दिखाई दे रही है।

यह दृश्य बाढ़ प्रभावित परिवारों की मुश्किलों और राहत सामग्री की जरूरत को भी उजागर करता है। प्रशासन के अनुसार, बाढ़ प्रभावित इलाकों में सूखा राशन और अन्य जरूरी राहत सामग्री पहुंचाने का काम लगातार जारी है।

Comments are closed.