BRICS Summit के कारण दिल्ली में ट्रैफिक व्यवस्था बदली, कई मार्गों पर प्रतिबंध और डायवर्जन

1

18वें ब्रिक्स लीडर्स समिट को देखते हुए दिल्ली में आज ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है।

दिल्ली पुलिस ने वीवीआईपी और विदेशी मेहमानों की आवाजाही को सुचारू रखने के लिए कई प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन और नियंत्रित यातायात लागू किया है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, सुबह 9:30 बजे से रात 9 बजे तक कई महत्वपूर्ण रूट पर ट्रैफिक डायवर्जन प्रभावी रहेगा। प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में आयोजित ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान सेंट्रल दिल्ली, नई दिल्ली और लुटियंस जोन के कई प्रमुख मार्गों को नियंत्रित यातायात वाले कॉरिडोर में रखा गया है।

इनमें सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, इंडिया गेट गोलचक्कर, मथुरा रोड और भैरों मार्ग प्रमुख हैं। निर्धारित समय के दौरान इन मार्गों पर वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध या नियंत्रण रहेगा।

वैकल्पिक मार्गों से गुजरेंगे वाहन

ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए पुलिस ने प्रभावित इलाकों के आसपास कई डायवर्जन प्वाइंट निर्धारित किए हैं। जरूरत के अनुसार वाहनों को रिंग रोड और अन्य प्रमुख वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ा जाएगा। दिल्ली पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी यात्रा की योजना बना लें और सामान्य से अधिक समय लेकर चलें। पुलिस ने लोगों को जहां संभव हो, निजी वाहनों के बजाय मेट्रो और अन्य सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।

ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील

पुलिस ने यात्रियों से डायवर्जन रूट का पालन करने और मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा है। आपातकालीन और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी। ये यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने वाले वीवीआईपी और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों की सुरक्षित एवं निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए लागू किए गए हैं। सम्मेलन के दौरान दिल्ली के प्रमुख इलाकों में ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

Comments are closed.