जावा सागर में जहाज हादसा, 102 यात्रियों को बचाया गया; एक की मौत, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

2

इंडोनेशिया के जावा सागर में लापता हुए 240 यात्रियों वाले जहाज को लेकर राहत और बचाव अभियान जारी है।

अधिकारियों ने बताया कि अब तक 102 यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। समुद्र में फंसे बाकी यात्रियों की तलाश के लिए रेस्क्यू टीमें लगातार अभियान चला रही हैं।

यह पोत रविवार को पूर्वी जावा से बोर्नियो द्वीप के दक्षिण कालीमंतन की ओर रवाना हुआ था। यात्रा के दौरान अचानक जहाज से संपर्क टूट गया, जिसके बाद उसके लापता होने की सूचना अधिकारियों को दी गई। इसके तुरंत बाद समुद्री क्षेत्र में बड़े पैमाने पर तलाशी और बचाव अभियान शुरू किया गया।

खराब मौसम के बीच टूटा जहाज से संपर्क

दक्षिण कालीमंतन की राजधानी बंजारमासिन स्थित सर्च एंड रेस्क्यू कार्यालय के मुताबिक, वर्गो ट्रांसपोर्ट 8 नामक पोत में तकनीकी समस्या आने के बाद उसकी संचार व्यवस्था प्रभावित हुई थी। जहाज सुरबाया से बंजारमासिन जा रहा था। पोत के ऑपरेटर ने अधिकारियों को बताया कि समुद्र में मौसम अचानक खराब होने के बाद जहाज से संपर्क टूट गया था। इसके बाद बचाव दल को तत्काल संबंधित समुद्री क्षेत्र में भेजा गया।

आखिरी लोकेशन बंजारमासिन से 148 किमी दूर

प्रारंभिक जानकारी में जहाज की आखिरी लोकेशन जावा सागर में मिली थी। यह जगह बंजारमासिन के तट से करीब 148 किलोमीटर दूर बताई गई है।

बंजारमासिन सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी के ऑपरेशंस चीफ अरियांतो अर्दी ने जहाज से संपर्क टूटने की पुष्टि करते हुए बताया कि बचावकर्मी और कई जहाज तुरंत घटनास्थल की ओर रवाना किए गए।

बाकी यात्रियों की तलाश जारी

बचाव अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए त्रिशक्ति में एक ऑपरेशंस पोस्ट भी स्थापित किया गया है। यहां से समुद्र में चल रहे सर्च ऑपरेशन की निगरानी की जा रही है।

अब तक 102 यात्रियों को सुरक्षित बचाया जा चुका है, जबकि एक यात्री की मौत की पुष्टि हुई है। बचाव दल समुद्र के बड़े क्षेत्र में बाकी यात्रियों और लापता पोत का पता लगाने में जुटा है। खराब मौसम और समुद्री परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू टीमों की प्राथमिकता अधिक से अधिक लोगों को सुरक्षित निकालना है।

Comments are closed.