मिडिल ईस्ट में बढ़ी सैन्य हलचल, सऊदी को 48 F-35 की मंजूरी; लाल सागर तट पर हूतियों का दावा

0

मिडिल ईस्ट में जारी सैन्य तनाव के बीच अमेरिका ने सऊदी अरब को 48 एफ-35 लाइटनिंग II लड़ाकू विमानों की संभावित बिक्री को मंजूरी दे दी है।

करीब 24 अरब डॉलर के इस प्रस्तावित सौदे में विमानों के साथ 49 इंजन और अन्य संबंधित उपकरण भी शामिल हैं। विमानों की आपूर्ति अमेरिकी कंपनी लॉकहीड मार्टिन करेगी।

अमेरिकी विदेश विभाग के मुताबिक, प्रस्तावित बिक्री से सऊदी अरब की मौजूदा और भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों से निपटने की क्षमता बढ़ेगी। इससे उसकी हवाई सुरक्षा मजबूत होने के साथ अमेरिकी सैन्य बलों के साथ इंटरऑपरेबिलिटी में भी सुधार होगा। सौदे से सऊदी अरब की एयर-टू-एयर और एयर-टू-ग्राउंड आत्मरक्षा क्षमताओं को बढ़ाने की भी बात कही गई है।

लंबे समय से F-35 खरीदना चाहता है सऊदी

सऊदी अरब लंबे समय से एफ-35 लड़ाकू विमान हासिल करने की इच्छा जताता रहा है। फिलहाल मध्य पूर्व में इजरायल इन विमानों का संचालन करने वाला एकमात्र देश है। ऐसे में सऊदी को एफ-35 की संभावित बिक्री को लेकर इजरायली अधिकारियों ने चिंता जताई है।

अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा है कि प्रस्तावित बिक्री क्षेत्र के सैन्य संतुलन को नहीं बदलेगी और इजरायल की सैन्य बढ़त बनाए रखने की अमेरिकी नीति के अनुरूप है।

इस सौदे की जानकारी अमेरिकी कांग्रेस को दे दी गई है। अंतिम प्रक्रिया में सांसदों की भूमिका होगी। हालांकि, विमानों की डिलीवरी की समयसीमा अभी तय नहीं हुई है। कुछ अमेरिकी सांसदों ने चीन के संभावित तकनीकी लाभ का हवाला देते हुए इस सौदे पर आपत्ति जताई है।

लाल सागर के तट पर हूतियों का दावा

इधर, यमन में ईरान समर्थित हूती लड़ाकों और सऊदी अरब के बीच संघर्ष जारी है। रिपोर्टों के मुताबिक, गुरुवार को सऊदी लड़ाकू विमानों ने हूती ठिकानों पर कई हवाई हमले किए। इसी दौरान हूतियों ने सऊदी समर्थित यमनी सरकारी बलों से कुछ और इलाके अपने कब्जे में लेने का दावा किया है।

हूतियों के नियंत्रण में लाल सागर से लगे यमन के तटीय इलाकों के अलावा बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य के आसपास के कुछ द्वीप भी बताए जा रहे हैं। यह समुद्री मार्ग वैश्विक व्यापार के लिए महत्वपूर्ण है। हूतियों ने सऊदी जहाजों के इस मार्ग से गुजरने पर रोक लगाने की बात कही है, जबकि अन्य देशों के व्यापारिक जहाजों के आवागमन को जारी रखने का दावा किया गया है।

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट

क्षेत्र में जारी संघर्ष के बीच तेल आपूर्ति को लेकर बनी चिंताओं के बीच गुरुवार को कच्चे तेल की कीमत में करीब तीन फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। रिपोर्ट के अनुसार, कच्चे तेल का भाव घटकर करीब 102.72 डॉलर प्रति बैरल रह गया।

इससे एक दिन पहले हूतियों ने सऊदी अरब के अमेरिका निर्मित एफ-15 लड़ाकू विमान को मार गिराने का दावा किया था। शुक्रवार को हूती लड़ाकों को विमान के मलबे के पास जश्न मनाते हुए देखा गया।

ड्रोन का मलबा गिरने से एक की मौत

सऊदी अरब के एयर डिफेंस ने हूतियों की ओर से दागे गए एक ड्रोन को मार गिराया। सऊदी नागरिक सुरक्षा विभाग के अनुसार, ड्रोन का मलबा गिरने से एक यमनी नागरिक की मौत हो गई, जबकि एक सऊदी नागरिक और एक पाकिस्तानी मूल का व्यक्ति घायल हुआ।

मलबा गिरने से कुछ इमारतों और वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है। क्षेत्र में जारी संघर्ष के बीच सऊदी अरब की वायु रक्षा और हूती ड्रोन हमलों के बीच टकराव लगातार बना हुआ है।

Comments are closed.