रामबन में खड़ी कार से मिले 2 पुलिसकर्मियों के शव, संदिग्ध मौत की जांच में जुटी पुलिस

0

जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में मंगलवार देर शाम एक कार से दो पुलिसकर्मियों के शव मिलने के बाद हड़कंप मच गया। दोनों कर्मी जिला पुलिस लाइंस, रामबन में तैनात थे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, हेड कांस्टेबल फरीद अहमद और सेलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल मुहम्मद याकूब बाटोट के सना इलाके में जियारत मोड़ के पास एक खड़ी कार में अचेत अवस्था में मिलने की सूचना मिली थी। स्थानीय लोगों ने दोनों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल रामबन पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस

दोनों पुलिसकर्मियों की मौत कैसे हुई, फिलहाल इसकी वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाने के साथ मामले में जरूरी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

अधिकारियों के अनुसार, मौत की परिस्थितियों को लेकर सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और जांच की आगे की प्रक्रिया के बाद ही दोनों की मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।

Comments are closed.