गंदगी और खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन, FSSAI ने सेवन सीज हॉस्पिटैलिटी पर की कार्रवाई

3

भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता नियमों के उल्लंघन को लेकर सेवन सीज हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ कार्रवाई की है। प्राधिकरण ने कंपनी का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

FSSAI ने बुधवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि खाद्य परिसर के निरीक्षण के दौरान कई गंभीर खामियां सामने आईं। निरीक्षण में कंपनी का अनुपालन स्कोर सिर्फ 30 प्रतिशत रहा।

जांच के दौरान भोजन तैयार करने वाले क्षेत्रों में पानी जमा मिला। परिसर में दुर्गंध, गंदगी और साफ-सफाई की कमी भी पाई गई। निरीक्षण टीम को टमाटर, पपीता, गुड़ और काजू समेत कई खाद्य सामग्री खराब अवस्था में मिली और कुछ में फफूंद लगी हुई थी।

इसके अलावा सड़ी हुई शिमला मिर्च और खराब खाद्य तेल भी पाए गए। खाद्य सामग्री के भंडारण की व्यवस्था में भी निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था।

निरीक्षण के दौरान परिसर में कॉकरोच और मक्खियां भी मिलीं, जिससे कीट नियंत्रण व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए। FSSAI के मुताबिक, प्रतिष्ठान में स्वच्छता मानकों के साथ रिकॉर्ड रखरखाव और पानी की नियमित जांच से जुड़े नियमों का भी पालन नहीं किया जा रहा था।

इन गंभीर अनियमितताओं के मद्देनजर FSSAI ने सेवन सीज हॉस्पिटैलिटी का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

Comments are closed.