पुतिन की पश्चिमी देशों को चेतावनी- ‘दुनिया खतरनाक दौर में’, PM मोदी के नेतृत्व की सराहना

2

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पश्चिमी देशों को चेतावनी देते हुए कहा कि मौजूदा समय में दुनिया बेहद संवेदनशील और खतरनाक दौर से गुजर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे हालात में पश्चिमी देशों को कोई ऐसा कदम नहीं उठाना चाहिए, जिससे अंतरराष्ट्रीय तनाव और बढ़े।

कालिनिनग्राद को लेकर पुतिन ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि अगर इस रूसी क्षेत्र पर हमला किया गया तो मॉस्को जवाब देने में किसी भी तरह के हथियार के इस्तेमाल से पीछे नहीं हटेगा। इससे पहले बुधवार को भी उन्होंने नाटो को कालिनिनग्राद के मुद्दे पर परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की चेतावनी दी थी।

वाल्दाई फोरम में पुतिन ने पश्चिमी प्रतिबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि रूस अब अपना डीजल वैश्विक बाजार में नहीं भेजेगा। उन्होंने कहा कि अगर दुनिया को रूसी डीजल की जरूरत है तो रूस के साथ व्यापार पर लगाए गए प्रतिबंधों को हटाना होगा।

अमेरिका और चीन के साथ संभावित त्रिपक्षीय बातचीत पर पूछे गए सवाल के जवाब में पुतिन ने कहा कि वह इस तरह की वार्ता के लिए तैयार हैं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि बातचीत से पहले उसके मुद्दों और एजेंडे पर सहमति जरूरी होगी।

PM मोदी के रुख की सराहना

पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रुख का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मोदी उन विश्व नेताओं में शामिल हैं, जो रूस के साथ अच्छे और मैत्रीपूर्ण संबंधों के बावजूद यूक्रेन में जारी संघर्ष को खत्म करने का मुद्दा लगातार उठाते हैं।

रूसी राष्ट्रपति के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी संघर्ष के दोनों पक्षों के लिए स्वीकार्य समाधान तलाशने में रुचि रखते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी इस मामले में निष्पक्ष रुख अपनाते हैं और साथ ही संघर्ष को जल्द खत्म करने की कोशिशों में भी उनकी दिलचस्पी है।

पुतिन ने कहा कि रूस प्रधानमंत्री मोदी के विचारों का सम्मान करता है और शांतिपूर्ण तरीकों से जल्द से जल्द संघर्ष समाप्त करने की उनकी इच्छा के लिए उनका आभारी है।

Comments are closed.