फ्लाइट क्रैश कराने की थी साजिश? ओमानी को-पायलट ने बंद किए थे दोनों इंजन, जांच रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा
तेल अवीव में विमान क्रैश कराने की थी साजिश? ओमानी को-पायलट के प्लान पर बड़ा खुलासा
फ्लाईदुबई के बोइंग 737 विमान में उड़ान के दौरान हुई हिंसक घटना को लेकर एक रिपोर्ट में बड़ा दावा किया गया है। इटली के अखबार कोरिएरे डेला सेरा की रिपोर्ट के मुताबिक, ओमानी को-पायलट हम्माम अल-हम्मामी ने कथित तौर पर विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने और उसे क्रैश कराने की कोशिश की थी।
रिपोर्ट ने इजरायली खुफिया सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि अल-हम्मामी का कथित उद्देश्य कैप्टन स्मित मच्छार की हत्या करने के बाद विमान को तेल अवीव ले जाना था। आरोप है कि वह विमान को शहर की किसी ऊंची इमारत से टकराकर बड़े हमले को अंजाम देने की योजना बना रहा था।
नमाज के बहाने कैप्टन पर हमला
रिपोर्ट के अनुसार, अल-हम्मामी ने कथित तौर पर कॉकपिट में नमाज पढ़ने का नाटक किया और मौका मिलते ही पीछे से कैप्टन मच्छार पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में कैप्टन के सिर पर गंभीर चोटें आईं और उनके एक हाथ को भी गहरी चोट पहुंची।
भारी रक्तस्राव के बावजूद कैप्टन ने कॉकपिट का दरवाजा खोलकर मदद मांगी। वहां से आ रही आवाजें सुनकर एक महिला यात्री ने अन्य यात्रियों और विमान में मौजूद दो अन्य पायलटों को घटना की जानकारी दी।
प्लान फेल होते ही विमान को नीचे गिराने का आरोप
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि यात्रियों और अन्य पायलटों के कॉकपिट की ओर बढ़ने के बाद अल-हम्मामी को अपनी कथित योजना विफल होती नजर आई। इसके बाद उसने विमान को रेगिस्तान में गिराने की कोशिश की।
आरोप है कि उसने ऑटोपायलट बंद कर कंट्रोल स्टिक को नीचे की ओर धकेल दिया। इससे विमान करीब 30 सेकंड में लगभग 16 हजार फीट नीचे आ गया और उसकी रफ्तार 970 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा हो गई। इस दौरान विमान के पिछले हिस्से को नुकसान पहुंचने की भी बात कही गई है।
जांच से जुड़े सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि को-पायलट ने दोनों इंजनों को बंद करने या ईंधन की आपूर्ति रोकने की कोशिश की। इसके चलते विमान में आपातकालीन लाइटें सक्रिय हो गईं।
यात्री ने संभाला कंट्रोल, तबुक में हुई इमरजेंसी लैंडिंग
विमान के तेजी से नीचे जाने के दौरान यात्री यानिव हायौन ने कथित तौर पर कॉकपिट में पहुंचकर कंट्रोल स्टिक को पीछे खींचा। इससे विमान की गिरती ऊंचाई को रोका जा सका। इसके बाद ड्यूटी से बाहर मौजूद दो पायलटों ने कॉकपिट का नियंत्रण संभाला और इंजनों को दोबारा शुरू कर विमान को स्थिर किया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सऊदी एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने विमान को तबुक की ओर मोड़ने और वहां आपातकालीन लैंडिंग कराने के निर्देश दिए। विमान को सुरक्षित रूप से तबुक एयरपोर्ट पर उतार लिया गया।
लैंडिंग के बाद घायल कैप्टन स्मित मच्छार को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि ओमानी को-पायलट को सऊदी अधिकारियों के हवाले कर दिया गया।
इजरायल ने बताया गंभीर सुरक्षा घटना
रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायली अधिकारियों ने घटना को गंभीर आतंकी हमले के रूप में देखा है। सुरक्षा एजेंसियां कथित तौर पर इस बात की भी जांच कर रही हैं कि ओमान के पायलट को सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करते हुए तेल अवीव जाने वाली उड़ान संचालित करने की अनुमति कैसे मिली।
हालांकि, रिपोर्ट में सामने आए दावों की स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। इसलिए कथित साजिश, हमले के उद्देश्य और विमान को क्रैश कराने की कोशिश से जुड़े दावों को जांच के अंतिम निष्कर्ष के तौर पर नहीं देखा जा सकता।
Comments are closed.