CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आज प्रदर्शन, जंतर-मंतर से संसद मार्ग तक कड़ी सुरक्षा; ड्रोन से निगरानी

4

दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का विरोध प्रदर्शन लगातार दूसरे दिन भी जारी रहने की संभावना है।

बुधवार को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत विपक्षी नेताओं ने प्रदर्शन किया था और धरने पर बैठ गए थे। बाद में पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने विपक्षी सांसदों को हिरासत में लिए जाने के बाद आकाशवाणी भवन परिसर में पहुंचकर विरोध दर्ज कराया। इससे प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां और तेज हो गईं।

आज प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर से लेकर संसद मार्ग तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पूरे इलाके में दिल्ली पुलिस के साथ अर्धसैनिक बलों की बड़ी संख्या में तैनाती की गई है। प्रदर्शनकारियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।

संसद मार्ग और जंतर-मंतर की ओर जाने वाले प्रमुख रास्तों पर तीन स्तर की बैरिकेडिंग की गई है। प्रदर्शनकारियों को संसद भवन की ओर बढ़ने से रोकने के लिए वाटर कैनन और दंगा नियंत्रण वाहनों को भी तैयार रखा गया है।

सीईसी को हटाने की मांग पर विपक्ष का मार्च

इससे पहले सीईसी ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर विपक्षी सांसदों ने मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी के नेतृत्व में संसद के मकर द्वार से चुनाव आयोग की ओर मार्च निकाला था। हालांकि, आकाशवाणी भवन और नीति आयोग के बीच संसद मार्ग पर पुलिस ने भारी बैरिकेडिंग कर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।

इसके बाद विपक्षी सांसद करीब डेढ़ घंटे तक वहीं धरने पर बैठे रहे और नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कुछ समाजवादी पार्टी के सांसद बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। कुछ देर बाद राहुल गांधी भी बैरिकेड पर नजर आए।

तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी भी प्रदर्शन के दौरान बैरिकेड पर माइक लेकर नारेबाजी करते दिखाई दिए। विपक्षी दल सीईसी को हटाने की मांग और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार तथा चुनाव आयोग के खिलाफ अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं।

Comments are closed.