दम्माम एयरपोर्ट पर हमले में 1 की मौत, 8 घायल; हूती हमलों के बीच अमेरिकी दूतावास के गैर-जरूरी कर्मचारियों को सऊदी छोड़ने का आदेश
सऊदी अरब के दम्माम स्थित किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार शाम हुए हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए।
सऊदी सिविल एविएशन अथॉरिटी के मुताबिक, घायलों में कुछ की हालत गंभीर है। हमले के बाद एयरपोर्ट को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। फिलहाल हमले के तरीके और इसके पीछे शामिल लोगों को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों की ओर से सऊदी अरब को निशाना बनाए जाने की घटनाओं के बीच इस हमले ने क्षेत्र में सुरक्षा चिंताएं बढ़ा दी हैं।
अमेरिका ने दूतावास के गैर-जरूरी कर्मचारियों को देश छोड़ने को कहा
सऊदी अरब में बढ़ते सुरक्षा खतरे को देखते हुए अमेरिका ने अपने गैर-जरूरी दूतावास कर्मचारियों और उनके परिवारों को देश छोड़ने का आदेश दिया है। अमेरिकी विदेश विभाग ने बुधवार को इसकी पुष्टि की। इससे पहले एक राजनयिक सूत्र ने एएफपी को बताया था कि सऊदी अरब में तैनात अमेरिकी कर्मचारियों और उनके परिवारों को वहां से निकलने के निर्देश दिए गए हैं।
शैबा ऑयलफील्ड पर हमले में भारतीय नागरिक घायल
सऊदी अरब के शैबा ऑयलफील्ड पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक भी घायल हुआ है। भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि वह इस मामले में सऊदी अधिकारियों के संपर्क में है और आगे की जानकारी जुटाई जा रही है।
दूतावास ने घायल भारतीय नागरिक को हरसंभव सहायता मुहैया कराने का आश्वासन दिया है। शैबा ऑयलफील्ड सऊदी अरब का एक प्रमुख तेल उत्पादन केंद्र है। क्षेत्र में लगातार हो रहे हमलों के बीच इस घटना ने तेल प्रतिष्ठानों और वहां काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
Comments are closed.