फ्लोरिडा में आसमान से सड़क पर आ गिरा विमान, जोरदार धमाके के बाद लगी आग; हादसे में 9 की मौत, वीडियो वायरल

1

फ्लोरिडा में आसमान से गिरा मौत का विमान, 35 हजार फीट से सीधे सड़क पर आ गिरा जेट; 9 लोगों की दर्दनाक मौत

अमेरिका के फ्लोरिडा में रविवार को एक भयानक विमान हादसे ने लोगों को दहला दिया। नौ लोगों को लेकर बहामास जा रहा एक बिजनेस जेट अचानक आसमान से तेजी से नीचे गिरा और ग्रीनएक्रस में एक व्यस्त सड़क के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जमीन से टकराते ही विमान में भीषण आग लग गई और वह आग के गोले में तब्दील हो गया। हादसे का भयावह दृश्य वहां से गुजर रहे वाहन चालकों के कैमरों में कैद हो गया।

समाचार एजेंसी AP के मुताबिक, अमेरिकी परिवहन सचिव शॉन डफी ने विमान में सवार सभी नौ लोगों की मौत की पुष्टि की है। दुर्घटनाग्रस्त विमान लियरजेट 60 था। गनीमत रही कि विमान किसी घर या सड़क पर चल रहे वाहन से नहीं टकराया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विमान को गिरते देखकर ऐसा लगा, जैसे कोई मिसाइल आसमान से आकर गिरी हो।

हादसे से पहले पायलट ने दी थी चेतावनी
एयर ट्रैफिक कंट्रोल और पायलट के बीच हुई आखिरी बातचीत की रिकॉर्डिंग से हादसे से पहले की स्थिति का पता चला है। पायलट ने बताया था कि मौसम लगातार खराब हो रहा है। विमान में टर्बुलेंस के कारण झटके लग रहे हैं और उसके बाहरी हिस्से पर बर्फ जम रही है।

शुरुआत में पायलट ने हल्की बर्फ जमने और मामूली टर्बुलेंस की जानकारी दी थी। लेकिन मौसम बिगड़ने के साथ स्थिति गंभीर हो गई। इसके बाद पायलट ने विमान को 2,000 फीट ऊपर ले जाने की अनुमति मांगी।

‘मेडे, मेडे… हम तेजी से नीचे गिर रहे हैं’
कुछ ही देर में विमान नियंत्रण खोने लगा और तेजी से नीचे आने लगा। पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को आपातकालीन संदेश भेजते हुए कहा, “मेडे, मेडे… हम 10,000 फीट प्रति मिनट की रफ्तार से नीचे गिर रहे हैं।”

इसके बाद स्थिति और बिगड़ गई। पायलट ने बताया कि विमान ओवरस्पीड की स्थिति में है और करीब 20,000 फीट प्रति मिनट की गति से नीचे जा रहा है। आखिरी बातचीत में उसने कहा, “हम जमीन से टकराने वाले हैं।”

फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, विमान करीब 35,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। इसी दौरान खराब मौसम, तेज झटकों और विमान पर बर्फ जमने की समस्या सामने आई। इसके बाद जेट तेजी से नीचे गिरने लगा और उसकी अवरोहण गति लगभग 30,000 फीट प्रति मिनट तक पहुंच गई।

सड़क पर बना गहरा गड्ढा, 600 लोगों को निकाला गया
फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसेंटिस ने हादसे को बेहद विनाशकारी बताया। उन्होंने कहा कि विमान के जमीन से टकराने के कारण सड़क के किनारे बड़ा गड्ढा बन गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, जमीन पर मौजूद किसी अन्य व्यक्ति के हताहत होने की खबर नहीं थी।

हादसे के बाद घटनास्थल पर आग की लपटें उठने लगीं और चारों तरफ काला धुआं फैल गया। सुरक्षा के मद्देनजर पास की एक मोबाइल होम कम्युनिटी से करीब 600 लोगों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। दुर्घटनास्थल के आसपास की सड़क भी बंद कर दी गई।

टेक्सास से बहामास जा रहा था लियरजेट
अमेरिकी संघीय विमानन प्रशासन (FAA) के अनुसार, विमान ने टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी और उसे बहामास पहुंचना था। फिलहाल विमान में सवार लोगों की पहचान सार्वजनिक नहीं हुई है। दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच जारी है।

नेशनल वेदर सर्विस के मुताबिक, हादसे के समय फ्लोरिडा के इस इलाके में भारी बारिश हो रही थी। सोमवार दोपहर तक बाढ़ की चेतावनी भी लागू थी। जांच एजेंसियां खराब मौसम समेत दुर्घटना से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।

Comments are closed.