दीवाली की आतिशबाजी ने देशभर में मचाई तबाही, 24 लोगों की मौत; 300 से अधिक घायल, कई घरों में लगी आग
दीवाली पर रोशनी और आतिशबाजी के बीच देश के कई हिस्सों से दर्दनाक हादसों की खबरें सामने आई हैं। पटाखों से लगी आग और दुर्घटनाओं में देशभर में कम से कम 24 लोगों की जान चली गई, जबकि 300 से अधिक लोग घायल हो गए। सबसे भयावह घटनाएं मध्य प्रदेश के कटनी और सिवनी जिलों में हुईं, जहां दो व्यापारियों के घरों में आग लगने से 12 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में महिलाएं और मासूम बच्चे भी शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश में तीन बच्चों की जान चली गई। पंजाब और राजस्थान में दो-दो लोगों की मौत हुई, जबकि दिल्ली, उत्तराखंड, हरियाणा, बिहार और ओडिशा में एक-एक व्यक्ति की जान गई। दिल्ली में पटाखों से झुलसने और अन्य चोटों के कारण करीब 300 लोग अस्पताल पहुंचे। कई जगह पटाखों के छर्रे लोगों के लिए जानलेवा साबित हुए, तो कहीं आग की लपटों ने मकानों, दुकानों और गोदामों को अपनी चपेट में ले लिया।
कटनी में कारोबारी के घर में भीषण आग, छह की मौत
मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बरही कस्बे में रविवार देर रात एक बड़ा हादसा हुआ। कारोबारी पूरन अग्रवाल के तीन मंजिला मकान की पहली मंजिल पर मौजूद क्रॉकरी की दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे भवन को घेर लिया। ऊपरी मंजिलों पर मौजूद परिवार के सदस्य आग और धुएं के बीच फंस गए।
इस हादसे में दो महीने के मासूम समेत छह लोगों की जलने से मौत हो गई। घटना के समय परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे और उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला।
सिवनी में भीषण अग्निकांड, छह लोगों ने गंवाई जान
दूसरी बड़ी घटना सिवनी जिले के छपारा कस्बे के महावीर वार्ड में हुई। यहां सराफा कारोबारी कुंदन लाल सोनी के तीन मंजिला मकान में सोमवार तड़के करीब चार बजे आग लग गई। हादसे के वक्त परिवार के 10 सदस्य घर में सो रहे थे।
आग तेजी से फैलने के कारण छह लोगों की मौत हो गई, जबकि चार सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मकान के दरवाजों पर चैनल गेट बंद होने के कारण बचाव अभियान में भी मुश्किलें आईं।
दिल्ली के अस्पतालों में घायलों की भीड़
दीवाली की रात पटाखों के कारण झुलसने और चोट लगने के मामलों में दिल्ली के अस्पतालों में बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। सफदरजंग अस्पताल में 135, एम्स में 42 और आकाश हेल्थकेयर में 15 मरीजों का इलाज किया गया। इसके अलावा दूसरे अस्पतालों में भी 100 से अधिक घायल पहुंचे।
एम्स में 11 मरीज गंभीर रूप से झुलसे थे। इनमें से पांच की सर्जरी करनी पड़ी। आठ साल का एक बच्चा शरीर का करीब 45 प्रतिशत हिस्सा जलने के कारण गंभीर हालत में था।
उत्तर प्रदेश में तीन बच्चों की मौत
उत्तर प्रदेश में पटाखों से जुड़े अलग-अलग हादसों में तीन बच्चों की जान चली गई। मेरठ में पांच साल का एक बच्चा आतिशबाजी देखकर घबरा गया और भागते समय सिर के बल फर्श पर गिर पड़ा। सिर में नुकीली वस्तु घुसने से उसकी मौत हो गई।
फतेहपुर में जेब में रखा सुतली बम फटने से एक किशोर की जान चली गई। वहीं, फर्रुखाबाद में पटाखा फोड़ते समय उसका एक टुकड़ा बच्चे के गले में जा धंसा, जिससे उसकी मौत हो गई।
कानपुर में पटाखा गिरने से तकिया-रजाई के कारखाने और आसपास की दुकानों में आग लग गई। इस घटना में एक करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान है।
पंजाब, राजस्थान और उत्तराखंड में भी हादसे
पंजाब के जालंधर में आतिशबाजी के दौरान घर में आग लगने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। वहीं, लुधियाना के जगराओं में पटाखे की चपेट में आने से 14 वर्षीय बच्चे की जान चली गई।
उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र में दीपावली के दौरान आतिशबाजी से हुए हादसे में पीएसी के एक रिक्रूट की मौत हो गई। राजस्थान के बूंदी और बीकानेर में भी पटाखों से जुड़े हादसों में एक-एक बच्चे की जान चली गई।
बिहार में आग से बुजुर्ग महिला की मौत, 10 बच्चे झुलसे
बिहार में दीपावली की रात दीये, पटाखों और शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की कई घटनाएं हुईं। इन हादसों में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं समेत 10 बच्चे झुलसकर घायल हो गए।
हरियाणा के जींद में पटाखे का छर्रा गर्दन पर लगने से 39 वर्षीय महिला की मौत हो गई।
जम्मू में सात दुकानें और गोदाम जलकर राख
जम्मू की अनाज मंडी स्थित वेयरहाउस में आतिशबाजी से निकली चिंगारी के कारण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने सात दुकानों और गोदामों को अपनी चपेट में ले लिया। त्योहार के कारण वेयरहाउस बंद था। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, इस अग्निकांड में कारोबारियों को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है।
Comments are closed.