जेनसेन हुआंग के समर्थन में उतरे ट्रंप, बोले- ‘उन्हें नहीं पता था कि चीनी महिला जासूस है’
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने एनवीडिया के सीईओ जेनसेन हुआंग का बचाव करते हुए कहा है कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि जिस चीनी महिला के साथ उनके करीबी संबंध बताए जा रहे हैं, वह कथित तौर पर चीन के लिए जासूसी कर रही थी। ट्रंप के मुताबिक, उन्होंने खुद हुआंग से इस मामले पर बातचीत की है और उन्हें एनवीडिया प्रमुख की बातों पर पूरा भरोसा है।
सोमवार को व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने बताया कि इस पूरे मामले को लेकर वह हैरान हैं। उन्होंने कहा कि संघीय जांच ब्यूरो (FBI) मामले की जांच कर रहा है। ट्रंप ने हुआंग को सम्मानित व्यक्ति बताते हुए उम्मीद जताई कि वह इस विवाद से सुरक्षित बाहर निकलेंगे।
‘मुझे उनकी बात पर पूरा भरोसा है’
ट्रंप ने बताया कि बातचीत के दौरान उन्होंने हुआंग से सीधे पूछा था कि क्या उन्हें पता था कि संबंधित महिला जासूस है। इस पर हुआंग ने अनभिज्ञता जताई। ट्रंप ने कहा, “मैंने उनसे पूछा कि क्या आपको पता था कि वह एक जासूस है? उन्होंने कहा कि मुझे बिल्कुल नहीं पता था। मुझे उनकी बात पर पूरा यकीन है।”
अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि एफबीआई इस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि हुआंग किसी खतरे में नहीं पड़ेंगे।
एनवीडिया बोर्ड ने शुरू कराई स्वतंत्र जांच
ट्रंप का यह बयान द न्यूयॉर्क टाइम्स की उस रिपोर्ट के बाद आया है, जिसमें अमेरिकी खुफिया अधिकारियों के हवाले से दावा किया गया था कि चीन की नागरिक और कारोबारी एलिस हुआंग कथित तौर पर बीजिंग के लिए सूचनाएं जुटा रही थीं।
इन खबरों के सामने आने के बाद एनवीडिया के बोर्ड ने रविवार को स्वतंत्र जांच कराने की घोषणा की थी। जांच का मकसद यह पता लगाना है कि क्या विदेशी खुफिया एजेंसियों ने कंपनी के प्रमुख तक पहुंच बनाने की कोशिश की थी। इस विवाद के बीच सोमवार को एनवीडिया के शेयर भी सात महीने के निचले स्तर पर पहुंच गए।
जेनसेन हुआंग ने एक बिजनेसवुमन के साथ करीबी संबंध होने की बात स्वीकार की है, हालांकि उन्होंने अपने बयान में महिला का नाम नहीं बताया। एनवीडिया की वेबसाइट पर जारी खुले पत्र में उन्होंने अपनी पत्नी और कंपनी से माफी मांगी तथा बोर्ड की जांच में पूरा सहयोग करने की प्रतिबद्धता जताई।
हुआंग ने कहा कि वह जांच का समर्थन करते हैं और इसमें पूरी मदद करेंगे। उन्होंने अमेरिका और एनवीडिया के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि वह कंपनी की सुरक्षा और अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा में योगदान देने के लिए समर्पित हैं।
चीन ने जासूसी के आरोपों को बताया बेबुनियाद
इस विवाद पर चीन ने भी प्रतिक्रिया दी है। सोमवार को चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने उन आरोपों को खारिज कर दिया, जिनमें कहा गया था कि बीजिंग ने संबंधित महिला के जरिए खुफिया जानकारी हासिल करने की कोशिश की। चीन ने इन दावों को निराधार बताते हुए इसे उसके खिलाफ दुष्प्रचार अभियान करार दिया।
ट्रंप प्रशासन के साथ हुआंग के करीबी संबंध
सिलिकॉन वैली के प्रमुख उद्योगपतियों में शामिल जेनसेन हुआंग के राष्ट्रपति ट्रंप के साथ करीबी कारोबारी और राजनीतिक संबंध रहे हैं। वर्ष 2025 से दोनों के बीच संपर्क लगातार बना हुआ है। हुआंग कई बार वॉशिंगटन का दौरा कर चुके हैं और अमेरिकी प्रशासन के एजेंडे का समर्थन भी करते रहे हैं।
एनवीडिया की चीन में कारोबार बढ़ाने की कोशिशों के कारण भी हुआंग और अमेरिकी प्रशासन के बीच बातचीत होती रही है। अमेरिका द्वारा अत्याधुनिक चिप्स के निर्यात पर लगाए गए प्रतिबंधों के बीच चीन के बाजार तक पहुंच एनवीडिया के लिए एक अहम मुद्दा बनी हुई है। ऐसे में कंपनी के शीर्ष नेतृत्व से जुड़े इस विवाद ने अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा और सेमीकंडक्टर कारोबार को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
Comments are closed.