फ्रांस और ईरान के बीच साइबर हमले को लेकर जुबानी जंग तेज हो गई है।
फ्रांस ने ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की एक साइबर यूनिट पर अपने सैकड़ों सुपरमार्केट के रेफ्रिजरेशन सिस्टम को हैक करने का आरोप लगाया है। वहीं, ईरान ने इन आरोपों पर तीखा पलटवार करते हुए फ्रांस की जमकर खिल्ली उड़ाई है।
ईरान के विदेश मंत्री सईद अब्बास अरागची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फ्रांस पर निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि फ्रांसीसी सरकार अपने सुपरमार्केट के फ्रिज तक नहीं संभाल पा रही है और दूसरों पर आरोप लगा रही है। अरागची ने आगे कहा कि ईरान शक्तिशाली है, लेकिन वह फ्रांस की तरह गाजा में नरसंहार का समर्थन करने या स्कूलों और अस्पतालों पर बमबारी करने को अपनी ताकत नहीं मानता।
फ्रांस ने ईरान पर लगाया साइबर हमले का आरोप
फ्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बैरो ने सोमवार को आरोप लगाया कि पिछले महीने देश के सुपरमार्केट में रेफ्रिजरेशन सिस्टम को निशाना बनाकर किए गए साइबर हमलों के पीछे ईरान की आईआरजीसी से जुड़ी साइबर यूनिट का हाथ है। उन्होंने साफ कहा कि इस गंभीर घटना के लिए तेहरान को जवाबदेह ठहराया जाएगा।
वहीं, पेरिस अभियोजक कार्यालय ने बताया कि उसने आईआरजीसी से कथित तौर पर जुड़ी साइबर इकाई ‘शाहिद कावेह’ के प्रमुख और उनके दो उप-प्रमुखों के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय गिरफ्तारी वारंट जारी करने का अनुरोध किया है।
700 सुपरमार्केट के फ्रिज पर हुआ था साइबर हमला
जानकारी के मुताबिक, फ्रांस में 12 अक्टूबर को हुए साइबर हमले के दौरान कई सुपरमार्केट के रेफ्रिजरेटरों का तापमान अचानक बढ़ गया था। इस घटना से देशभर में करीब 700 सुपरमार्केट प्रभावित हुए। फ्रांस में कुल लगभग 10,000 सुपरमार्केट हैं, ऐसे में इस हमले को बड़े स्तर पर हुई साइबर सेंधमारी के तौर पर देखा जा रहा है।
पेरिस में जी-7 वार्ता से इतर विदेश मंत्री बैरो ने कहा कि ईरानी राजदूत को तलब कर इस घटना के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया जा रहा है। इस पूरे विवाद ने फ्रांस और ईरान के बीच तनाव को और बढ़ा दिया है। हालांकि, साइबर हमले में ईरान की भूमिका को लेकर फ्रांस के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
Comments are closed.