दिल्ली: नांगली विहार में सीवर में गिरा 4 साल का मासूम, रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी NDRF की टीम

2

राजधानी दिल्ली में एक दर्दनाक हादसे ने सभी को चिंता में डाल दिया है।

बाहरी दिल्ली के नांगली विहार स्थित दास गार्डन कॉलोनी के पास चार साल का बच्चा खुले सीवर में गिर गया। घटना के बाद से ही बच्चे का कोई पता नहीं चल पाया है। मासूम को बचाने के लिए NDRF और फायर ब्रिगेड समेत कई एजेंसियों की टीमें मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।

बच्चे की तलाश में NDRF, दिल्ली फायर सर्विस, पुलिस, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) और BSF के जवान जुटे हुए हैं। सभी टीमें मिलकर सीवर के अंदर बच्चे की तलाश कर रही हैं। हालांकि, काफी प्रयासों के बावजूद अभी तक मासूम का पता नहीं चल सका है।

खेलते-खेलते खुले मैनहोल में गिरा बच्चा

दिल्ली फायर सर्विस के एक अधिकारी के मुताबिक, सुबह करीब 9:45 बजे उन्हें घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद दमकल विभाग की टीम को तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया। अधिकारी ने बताया कि चार साल का बच्चा अपनी मां के साथ खेल रहा था। इसी दौरान वह खुले मैनहोल के पास पहुंचा और सीवर में गिर गया। सूचना मिलते ही बचाव अभियान शुरू कर दिया गया।

पिता ने बताया कैसे हुआ हादसा

लापता बच्चे के पिता खुर्शीद आलम ने बताया कि उनके बेटे का नाम इमरान है। वह पार्क में खेलने गया था। इसी दौरान शौच के लिए सीवर के पास पहुंचा, लेकिन मैनहोल खुला होने के कारण वह उसमें गिर गया। पिता ने बताया कि बेटे की तलाश के लिए बचाव अभियान लगातार जारी है।

रेस्क्यू ऑपरेशन पर अधिकारियों की नजर

हादसे की जानकारी मिलने के बाद SDM रजत मल्होत्रा भी घटनास्थल पर पहुंचे हैं। वह बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं। मौके से सामने आई तस्वीरों में अलग-अलग एजेंसियों के जवान और कर्मचारी बच्चे को खोजने में जुटे नजर आ रहे हैं।

फिलहाल NDRF समेत सभी बचाव दलों की प्राथमिकता मासूम इमरान को जल्द से जल्द ढूंढकर सुरक्षित बाहर निकालना है। परिवार को बच्चे के मिलने का बेसब्री से इंतजार है।

Comments are closed.