छठ पर घर जाने वालों को रेलवे की सौगात, दिल्ली से आज पूर्व दिशा के लिए चलेंगी 31 स्पेशल ट्रेनें

3

छठ महापर्व को लेकर दिल्ली से बिहार और पूर्वी भारत जाने वाले यात्रियों की भीड़ लगातार बढ़ रही है।

दीपावली के बाद बड़ी संख्या में लोग अपने घरों का रुख कर रहे हैं। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने विशेष ट्रेनों का संचालन बढ़ा दिया है। बुधवार को दिल्ली के विभिन्न रेलवे स्टेशनों से पूर्व दिशा के लिए कुल 31 स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इस दौरान स्टेशनों पर छठ पूजा के गीत भी सुनाई दे रहे हैं।

भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को राहत देने के लिए रेलवे ने चार अनारक्षित विशेष ट्रेनें भी अल्प सूचना पर शुरू की हैं। इनके अलावा आनंद विहार टर्मिनल से नौ, नई दिल्ली से छह, शकूरबस्ती से पांच, हजरत निजामुद्दीन से तीन, दिल्ली जंक्शन से तीन और रोहतक से एक विशेष ट्रेन का संचालन किया गया।

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि रेलवे अधिकारी स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ की लगातार निगरानी कर रहे हैं। यात्रियों की संख्या और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला लिया जाएगा।

चंडीगढ़-बरौनी के बीच भी चलेगी आरक्षित स्पेशल ट्रेन

छठ के दौरान बिहार जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर रेलवे के अंबाला मंडल ने चंडीगढ़ और बरौनी के बीच विशेष आरक्षित ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।

रेलवे के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, ट्रेन संख्या 04538 चंडीगढ़-बरौनी स्पेशल 10 नवंबर को रात 10 बजे चंडीगढ़ स्टेशन से रवाना होगी। रास्ते में यह अंबाला छावनी, यमुनानगर, सहारनपुर, मुरादाबाद, लखनऊ, वाराणसी और छपरा समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन तीसरे दिन सुबह 3:30 बजे बरौनी पहुंचेगी।

वहीं, वापसी के लिए ट्रेन संख्या 04537 बरौनी-चंडीगढ़ स्पेशल 12 नवंबर को सुबह 6:30 बजे बरौनी से प्रस्थान करेगी। रेलवे के इस फैसले से छठ पूजा पर घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी और नियमित ट्रेनों में भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।

Comments are closed.