अमेरिकी रक्षा मंत्री हेगसेथ को बड़ी राहत, महाभियोग प्रस्ताव गिरा; विपक्ष की मुहिम नाकाम

1

अमेरिका में रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को फिलहाल बड़ी राहत मिल गई है।

उनके खिलाफ लाया गया महाभियोग प्रस्ताव मंगलवार को हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में आगे बढ़ने से रोक दिया गया। मतदान के दौरान प्रस्ताव को न्यायपालिका समिति (ज्यूडिशियरी कमिटी) के पास भेजने के पक्ष में 211 और विरोध में 204 वोट पड़े। इस फैसले के साथ ही हेगसेथ पर लगाए गए महाभियोग के आठ आरोपों पर सीधे मतदान का रास्ता बंद हो गया।

इस प्रस्ताव को केंटकी के रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी ने पेश किया था। उन्होंने हेगसेथ पर कांग्रेस की मंजूरी के बिना ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू करने, नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े नियमों की अनदेखी करने और अन्य गंभीर मामलों में जिम्मेदारी निभाने में विफल रहने के आरोप लगाए थे। मैसी खुद रिपब्लिकन पार्टी से हैं, लेकिन प्रस्ताव को आगे बढ़ाने के समर्थन में वोट देने वाले अपनी पार्टी के एकमात्र सांसद रहे।

विपक्ष की कोशिश को लगा झटका

हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में हुए इस मतदान के बाद मौजूदा कांग्रेस में हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग की कार्रवाई फिलहाल ठंडे बस्ते में चली गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस फैसले पर खुशी जताई और डेमोक्रेट्स की कोशिश को पूरी तरह विफल बताया।

मतदान से पहले रक्षा मंत्री हेगसेथ ने पेंटागन में प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इस दौरान उन्होंने महाभियोग की कोशिश को राजनीतिक तमाशा करार दिया। उनका कहना था कि अमेरिकी सेना के खिलाफ इस तरह के आरोप लगाना अनुचित है।

ट्रंप ने हेगसेथ के समर्थन में दिया बयान

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रक्षा मंत्री का बचाव करते हुए अमेरिकी सैन्य कार्रवाई को सही ठहराया। उन्होंने कहा, ‘हमने इजरायल और पश्चिम एशिया को बचाया। अगर हमने उन्हें ईरान से नहीं बचाया होता, तो इजरायल का अस्तित्व ही नहीं होता।’

ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है, जब ईरान के खिलाफ अमेरिकी नीति और सैन्य कार्रवाई को लेकर अमेरिका में राजनीतिक मतभेद लगातार सामने आ रहे हैं।

अगले साल फिर हो सकती है कार्रवाई

हालांकि, मौजूदा मतदान से हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग की प्रक्रिया फिलहाल रुक गई है, लेकिन विवाद पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। राजनीतिक विश्लेषणों के मुताबिक, अगले साल डेमोक्रेट्स को प्रतिनिधि सभा और सीनेट दोनों में बहुमत मिलने की स्थिति में उनके खिलाफ दोबारा कार्रवाई की कोशिश हो सकती है। फिलहाल रिपब्लिकन सांसदों के समर्थन ने हेगसेथ को पद पर बने रहने के लिए तत्काल राहत जरूर दे दी है।

Comments are closed.