पन्नू हत्या साजिश: अमेरिकी अभियोजकों ने निखिल गुप्ता के लिए मांगी 24 साल की जेल, 20 नवंबर को सजा पर फैसला
अमेरिका में खालिस्तानी अलगाववादी नेता गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की कथित साजिश से जुड़े मामले में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को लंबी जेल की सजा हो सकती है।
अमेरिकी अभियोजकों ने मैनहट्टन की संघीय अदालत से 55 वर्षीय गुप्ता को 24 साल कैद की सजा देने का अनुरोध किया है। इस मामले में अदालत 20 नवंबर को सजा सुनाने वाली है।
अमेरिकी सरकार की ओर से अदालत में दाखिल 20 पन्नों के दस्तावेज में अभियोजन पक्ष ने गुप्ता की भूमिका को गंभीर बताते हुए कड़ी सजा की मांग की है। अमेरिकी अटॉर्नी जेम्स मैकडॉनल्ड के अनुसार, गुप्ता अमेरिकी जमीन पर एक अमेरिकी नागरिक की हत्या कराने की कथित विदेशी साजिश में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे।
अभियोजन पक्ष का कहना है कि इस मामले में सख्त सजा देना जरूरी है, ताकि यह संदेश दिया जा सके कि अमेरिका में किसी व्यक्ति की आवाज को हिंसा के जरिए दबाने या उसकी हत्या कराने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अभियोजकों ने आरोप लगाया है कि गुप्ता ने भारत सरकार के कर्मचारी बताए गए विकास यादव और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर पन्नू की हत्या की योजना बनाई थी।
बचाव पक्ष ने 12 साल की सजा की मांग की
दूसरी ओर, निखिल गुप्ता के वकीलों ने अदालत से नरमी बरतने की अपील की है। बचाव पक्ष ने 24 साल की सजा की मांग का विरोध करते हुए 12 साल की कैद और इसके बाद तीन साल तक निगरानी में रखने का अनुरोध किया है। अब अदालत को अभियोजन और बचाव पक्ष की दलीलों पर विचार करने के बाद अंतिम सजा तय करनी है।
क्या है पन्नू की हत्या की साजिश का मामला?
अमेरिकी अभियोग के मुताबिक, वर्ष 2023 में न्यूयॉर्क में गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या कराने की साजिश रची गई थी। आरोप है कि निखिल गुप्ता ने भारत और अन्य देशों में मौजूद सहयोगियों के साथ मिलकर इस योजना पर काम किया।
अमेरिकी अधिकारियों का दावा है कि गुप्ता ने विकास यादव के निर्देश पर ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) के एक गोपनीय सूत्र से संपर्क किया था। इस सूत्र को कथित तौर पर हत्या के लिए सुपारी देने वाले व्यक्ति के रूप में इस्तेमाल किया गया। अभियोजन पक्ष के अनुसार, पन्नू की हत्या के लिए एक लाख डॉलर का सौदा तय हुआ था। मामले में अब सभी की नजरें 20 नवंबर को आने वाले अदालत के फैसले पर टिकी हैं।
Comments are closed.