भारत के लोकतंत्र पर सवाल उठाने वाले इटली के नेता को मेलोनी की सहयोगी ने दिया जवाब, बोलीं- ऐसा करना गलत

0

इटली की सांसद डेबोरा बर्गमिनी ने भारत के आंतरिक राजनीतिक मामलों पर टिप्पणी करने को लेकर यूरोपीय सोशलिस्ट्स (PES) के महासचिव जियाकोमो फिलिबेक पर निशाना साधा है।

उन्होंने कहा कि किसी मित्र देश की घरेलू राजनीति में विदेशी नेताओं और राजनीतिक प्रतिनिधियों को हस्तक्षेप करने से बचना चाहिए। बर्गमिनी ने यह भी कहा कि भारत को लोकतंत्र का पाठ पढ़ाना उचित नहीं है, क्योंकि उसके पास अपने राजनीतिक विवादों को सुलझाने के लिए मजबूत संस्थाएं और न्यायपालिका मौजूद हैं।

भारत को लोकतंत्र पर उपदेश देने की जरूरत नहीं: बर्गमिनी

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया में बर्गमिनी ने भारत और इटली के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दोनों देश कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग कर रहे हैं और ऐसे रिश्तों में एक-दूसरे के आंतरिक मामलों का सम्मान करना जरूरी है।

उन्होंने भारतीय लोकतंत्र के विशाल आकार का हवाला देते हुए कहा कि भारत में करीब 97 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर यूरोपीय प्रतिनिधियों की ओर से सवाल उठाना उचित नहीं है।

बर्गमिनी ने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी राय रखने और आरोप लगाने का अधिकार है, लेकिन इसके लिए अपने दावों को साबित करने की जिम्मेदारी भी होनी चाहिए। उन्होंने मतदाता सूची में संशोधन की प्रक्रिया का जिक्र करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य दोहरे नाम, मृत व्यक्तियों और दूसरी जगह स्थानांतरित हो चुके लोगों के नामों को हटाना है।

डेबोरा बर्गमिनी इटली की मध्य-दक्षिणपंथी पार्टी फोर्जा इटालिया की सदस्य और राष्ट्रीय उप-महासचिव हैं। यह पार्टी प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन का हिस्सा है।

फिलिबेक ने राहुल गांधी के समर्थन में दिया था बयान

यह विवाद हैदराबाद में कांग्रेस की ओर से आयोजित ‘भारत समिट 2026’ के दौरान शुरू हुआ। सम्मेलन में शामिल हुए PES महासचिव जियाकोमो फिलिबेक ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधते हुए ‘वोट चोरों, गद्दी छोड़ो’ का नारा लगाया था।

उन्होंने समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में आरोप लगाया था कि भारत में लोकतंत्र पर हमले हो रहे हैं और इसकी रक्षा के लिए राहुल गांधी तथा कांग्रेस के साथ खड़ा होना जरूरी है।

फिलिबेक ने कहा था कि अंतरराष्ट्रीय मंचों के जरिए भारतीय लोकतंत्र के सामने मौजूद चुनौतियों को दुनिया के सामने लाया जा सकता है। उन्होंने कांग्रेस और दुनिया के अन्य राजनीतिक संगठनों को सामाजिक न्याय, जलवायु न्याय, मानवाधिकार और लोकतंत्र के लिए काम करने वाले प्रगतिशील गठबंधन का हिस्सा भी बताया।

भाजपा नेताओं ने भी कांग्रेस पर साधा निशाना

फिलिबेक की टिप्पणी और सम्मेलन में राहुल गांधी के बयानों को लेकर भाजपा नेताओं ने कांग्रेस की आलोचना की। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी भारत के आंतरिक राजनीतिक मामलों में विदेशी हस्तक्षेप को बढ़ावा दे रहे हैं।

वहीं, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए विदेशी नेताओं के सामने भारत की आलोचना किए जाने पर सवाल उठाया। उन्होंने पूछा कि क्या किसी विदेशी व्यक्ति को भारत का अपमान करते देखकर कोई भारतीय खुश हो सकता है?

तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने भी राहुल गांधी के लोकतंत्र संबंधी बयानों पर आपत्ति जताई और उनसे माफी की मांग की। उन्होंने कांग्रेस शासन के दौरान लगाए गए आपातकाल और निर्वाचित राज्य सरकारों को बर्खास्त किए जाने की घटनाओं का हवाला दिया।

70 देशों के प्रतिनिधियों ने लिया सम्मेलन में हिस्सा

हैदराबाद में आयोजित ‘भारत समिट 2026’ में करीब 70 देशों के 1,000 प्रतिनिधियों, नीति-निर्माताओं और विचारकों ने हिस्सा लिया। सम्मेलन में वैश्विक राजनीति, लोकतंत्र, जलवायु परिवर्तन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और प्रगतिशील राजनीति जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई।

Comments are closed.