बिसलेरी के पैकेज्ड पानी में मिले खतरनाक रसायन! जांच रिपोर्ट के बाद FSSAI ने उठाया बड़ा कदम

0

Bisleri Water Controversy: बिसलेरी के पैक्ड पानी पर FSSAI का शिकंजा, जांच में मिले तय सीमा से अधिक रासायनिक तत्व

देश की प्रमुख पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर कंपनियों में शामिल बिसलेरी इंटरनेशनल की मुश्किलें बढ़ गई हैं। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के खिलाफ अभियोजन चलाने की मंजूरी दे दी है। यह कदम कंपनी के पैक्ड पानी के नमूनों की जांच में खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की बात सामने आने के बाद उठाया गया है।

पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, FSSAI की जांच में बिसलेरी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के नमूनों में ब्रोमेट और पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन्स (PAHs) की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई। इसके आधार पर संबंधित नमूनों को असुरक्षित घोषित किया गया है। अब कंपनी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकती है।

पेय पदार्थ कंपनियों पर बढ़ी नियामक की निगरानी

FSSAI की यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब खाद्य नियामक कई बड़ी बेवरेज कंपनियों के उत्पादों की जांच और उनके वर्गीकरण को लेकर सक्रिय है। इसी कड़ी में रेड बुल के साथ एनर्जी ड्रिंक की श्रेणी को लेकर विवाद भी चल रहा है।

नियामक ने कुछ पेय पदार्थों को एनर्जी ड्रिंक के रूप में प्रचारित करने पर सवाल उठाए हैं। उसका कहना है कि अधिक चीनी वाले उत्पादों की इस तरह की ब्रांडिंग से उपभोक्ताओं को उनके वास्तविक स्वरूप को समझने में परेशानी हो सकती है और उनके अत्यधिक सेवन की आशंका बढ़ सकती है।

कई कंपनियों ने दिल्ली हाई कोर्ट में दी चुनौती

जून में FSSAI की ओर से जारी निर्देशों के बाद रेड बुल, पेप्सिको, मॉन्स्टर बेवरेज और रिलायंस कंज्यूमर जैसी कंपनियों ने दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कंपनियों ने नियामक के आदेश पर आपत्ति जताते हुए कहा कि यह फैसला पर्याप्त पूर्व सूचना दिए बिना लिया गया।

रेड बुल को मिली अंतरिम राहत

अदालत ने रेड बुल को अंतरिम राहत देते हुए फिलहाल अपने उत्पाद पर एनर्जी ड्रिंक लेबल का इस्तेमाल जारी रखने की अनुमति दी है। वहीं, अन्य कंपनियों को मौजूदा स्टॉक खत्म होने के बाद इस वर्गीकरण का उपयोग बंद करने का निर्देश दिया गया है।

FSSAI ने रेड बुल को मिली इस राहत को भी चुनौती दी है। नियामक का कहना है कि एक कंपनी को मिली छूट से बाजार में प्रतिस्पर्धा प्रभावित हो सकती है और उसे अन्य कंपनियों की तुलना में अनुचित लाभ मिल सकता है। इस विवाद पर अदालत में अगली सुनवाई जनवरी में होनी है।

Comments are closed.