अमेरिका की दो प्रमुख खुफिया एजेंसियां साइबर हमले की चपेट में आ गई हैं।
केंद्रीय खुफिया एजेंसी (CIA) और राष्ट्रीय खुफिया निदेशक कार्यालय (ODNI) के कंप्यूटर सिस्टम में सुरक्षा सेंधमारी का पता चला है। इस घटना में कुछ गैर-वर्गीकृत सरकारी सूचनाएं प्रभावित हुई हैं, हालांकि संवेदनशील खुफिया क्षमताओं और गोपनीय सिस्टम पर असर पड़ने की पुष्टि नहीं हुई है।
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, हैकर्स ने ऐसे नेटवर्क को निशाना बनाया, जिसका इस्तेमाल सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारियों के आधार पर खुफिया सूचनाएं जुटाने और उनका विश्लेषण करने के लिए किया जाता है। इस प्रणाली को ओपन-सोर्स इंटेलिजेंस नेटवर्क कहा जाता है।
ODNI ने साइबर सुरक्षा उल्लंघन की पुष्टि करते हुए कहा कि देश की महत्वपूर्ण खुफिया क्षमताओं और वर्गीकृत सिस्टम के कामकाज में कोई बाधा नहीं आई है। दूसरी ओर, CIA ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार किया है।
फिलहाल यह जानकारी सामने नहीं आई है कि हमलावरों ने कौन-सा डेटा हासिल किया या कितनी सूचनाएं प्रभावित हुई हैं। यह आशंका भी जताई जा रही है कि साइबर घुसपैठ का दायरा केवल इन दोनों एजेंसियों तक सीमित नहीं रहा हो और अन्य सरकारी विभागों की गैर-वर्गीकृत जानकारी भी इसकी चपेट में आई हो।
अमेरिकी सरकारी संस्थानों पर साइबर हमलों की घटनाओं के बीच यह नया मामला सामने आया है। इससे पहले कृषि विभाग, FBI, पेंटागन और होमलैंड सिक्योरिटी विभाग से जुड़े साइबर सुरक्षा उल्लंघनों की खबरें भी सामने आ चुकी हैं।
हालांकि, CIA और ODNI के नेटवर्क में सेंध लगाने के लिए इस्तेमाल किए गए तरीके, हमले के पीछे मौजूद हैकरों की पहचान और उनके संभावित मकसद का अभी खुलासा नहीं हुआ है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इस घटना से अमेरिकी खुफिया तंत्र को कितना नुकसान पहुंचा है।
Comments are closed.