बिहार के भोजपुर में डबल मर्डर से सनसनी, शादी समारोह में घुसकर बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग

1

बिहार के भोजपुर जिले में शादी समारोह के दौरान हुई गोलीबारी में दो युवकों की जान चली गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना मंगलवार देर रात आरा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बीबीगंज चकिया गांव की है। हथियारों से लैस बदमाशों ने शादी में शामिल होने आए तीन दोस्तों पर अचानक गोलियां चला दीं।

फायरिंग की आवाज से समारोह में भगदड़ मच गई। वहां मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस बीच गोली लगने से शुभकरणगंज निवासी 18 वर्षीय राहुल कुमार और 22 वर्षीय दीपक कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दौलतपुर निवासी 18 वर्षीय सोनू कुमार घायल हो गया।

घायल सोनू को तत्काल आरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार, उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।

मामा की बेटी की शादी में शामिल होने आए थे तीनों

बताया जा रहा है कि राहुल, दीपक और सोनू तीनों दोस्त थे और अपने मामा की बेटी की शादी में शामिल होने बीबीगंज चकिया गांव पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनका कुछ लोगों से विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और हमलावरों ने तीनों युवकों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

वारदात मंगलवार रात करीब 11 बजे हुई। शुरुआती जांच में पुलिस को पुरानी रंजिश या पूर्व के विवाद के कारण हत्या किए जाने का संदेह है। हालांकि, हमले की वास्तविक वजह अभी सामने नहीं आई है। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखे और एक पिलेट बरामद किया है।

SIT गठित, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

दोहरी हत्या की घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच टीम (SIT) बनाई गई है।

सदर एसडीपीओ-1 सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। घटना के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।

Comments are closed.