अल्बानिया की राजधानी में भड़का विरोध प्रदर्शन, प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री के इस्तीफे की उठाई मांग
अल्बानिया में सत्ता के खिलाफ सड़कों पर उतरे हजारों लोग, तिराना में हिंसक झड़पों के बीच पीएम के इस्तीफे की मांग
अल्बानिया में प्रधानमंत्री एडी रामा के खिलाफ विरोध तेज हो गया है। शनिवार को राजधानी तिराना में हजारों लोगों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री से पद छोड़ने की मांग की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हिंसक झड़पें हुईं। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस और वाटर कैनन का सहारा लिया।
राजधानी में हुआ यह प्रदर्शन सरकार के खिलाफ चल रहे विरोध अभियान का हिस्सा था। इसकी शुरुआत दक्षिणी अल्बानिया के समुद्र तटीय क्षेत्र में प्रस्तावित एक बड़े लक्जरी पर्यटन प्रोजेक्ट को लेकर हुई थी। इस परियोजना का संबंध अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर की ओर से स्थापित निवेश फर्म से बताया जाता है।
प्रदर्शनकारी तिराना के प्रसिद्ध स्कैंडरबेग स्क्वायर पर एकत्र हुए और प्रधानमंत्री के खिलाफ नारेबाजी की। शुरुआत में रैली शांतिपूर्ण रही, लेकिन बाद में नकाब पहने कुछ प्रदर्शनकारी मुख्य मार्च से अलग हो गए। उन्होंने रास्ते में आने वाली सरकारी इमारतों की खिड़कियां तोड़नी शुरू कर दीं। इस दौरान कुछ लोगों ने पेट्रोल बम भी फेंके।
पुलिस ने पत्थरबाजी कर रहे और सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने वाले लोगों को खदेड़ने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया गया। प्रदर्शन के दौरान सड़क पर लगे निगरानी कैमरों को भी निशाना बनाने की कोशिश की गई।
राष्ट्रीय उत्सव के दिन राजधानी में बढ़ा तनाव
इस रैली में हिस्सा लेने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों के अलावा विदेशों से भी बड़ी संख्या में लोग तिराना पहुंचे थे। प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। सुरक्षा एजेंसियां शहर में आने वाले वाहनों की जांच कर रही थीं।
गौरतलब है कि शनिवार को अल्बानिया अपनी स्वतंत्रता की घोषणा की 114वीं वर्षगांठ मना रहा था। यह दिन देश में राष्ट्रीय उत्सव और सार्वजनिक अवकाश के रूप में मनाया जाता है। हालांकि, इस बार स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री के खिलाफ हुए बड़े प्रदर्शन और पुलिस के साथ टकराव ने राजधानी में तनाव की स्थिति पैदा कर दी।
Comments are closed.