भारत के जय शाह को एक बार फिर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) का चेयरमैन चुन लिया गया है।
आईसीसी ने आधिकारिक बयान जारी कर इसकी पुष्टि की है। खास बात यह है कि इस बार भी जय शाह के खिलाफ किसी ने नामांकन नहीं किया, जिसके चलते उन्हें निर्विरोध दूसरी बार इस पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जय शाह ने पहली बार 2024 में आईसीसी चेयरमैन का पद संभाला था। इससे पहले वह भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव के रूप में काम कर चुके हैं। अब दूसरे कार्यकाल के लिए चुने जाने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनकी भूमिका और महत्वपूर्ण हो गई है।
दोबारा चुने जाने पर जय शाह ने जताया आभार
दूसरी बार चेयरमैन चुने जाने पर जय शाह ने आईसीसी बोर्ड के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बोर्ड ने उन पर जो भरोसा जताया है, उससे वह सम्मानित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने सभी निदेशकों को लगातार समर्थन देने के लिए धन्यवाद भी दिया।
जय शाह ने कहा कि आईसीसी का चेयरमैन होना उनके लिए गर्व के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने दुनिया भर में क्रिकेट का विस्तार करने और इस खेल को नए दर्शकों तक पहुंचाने के लिए अपने सहयोगियों के साथ मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई।
बैठक में भारत को मिली दो बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी
बाली में हुई आईसीसी बोर्ड की बैठक में चेयरमैन के चुनाव के अलावा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के भविष्य से जुड़े कई अहम फैसले भी लिए गए। बैठक में 2035 तक के टूर्नामेंट कैलेंडर पर चर्चा और आयोजन संबंधी निर्णय किए गए।
इसके तहत भारत को दो बड़े आईसीसी टूर्नामेंट की मेजबानी मिली है। भारत 2029 में चैंपियंस ट्रॉफी आयोजित करेगा। वहीं, 2031 में भारत और बांग्लादेश संयुक्त रूप से वनडे विश्व कप की मेजबानी करेंगे। इन आयोजनों से भारत को एक बार फिर वैश्विक क्रिकेट के बड़े केंद्र के रूप में अपनी भूमिका निभाने का अवसर मिलेगा।
Comments are closed.