अरब सागर में नौसेना का 48 घंटे का ऑपरेशन, समुद्री लुटेरों के कब्जे से 20 क्रू मेंबर्स और मछली पकड़ने वाला जहाज छुड़ाया
भारतीय नौसेना ने अरब सागर में समुद्री लुटेरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मछली पकड़ने वाले जहाज ‘अजिनी’ को उनके कब्जे से मुक्त करा लिया है। इस दौरान जहाज पर सवार सभी 20 क्रू मेंबर्स को भी सुरक्षित बचा लिया गया। करीब 48 घंटे तक चला यह रेस्क्यू ऑपरेशन सोमवार को पूरा हुआ। घटनास्थल मुंबई से 3,000 किलोमीटर से अधिक दूर समुद्र में था।
इस अभियान में भारतीय नौसेना को भारतीय वायु सेना का भी सहयोग मिला। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन की सफलता पर सुरक्षा बलों की तारीफ की और जवानों को बधाई दी।
वायु सेना की मदद से मिली समुद्री लुटेरों की लोकेशन
जानकारी के अनुसार, समुद्री लुटेरों ने मछली पकड़ने वाले जहाज ‘अजिनी’ पर कब्जा कर लिया था। उस समय जहाज पर 20 लोग मौजूद थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारतीय नौसेना ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया।
ऑपरेशन के दौरान भारतीय वायु सेना ने समय पर सहायता उपलब्ध कराई, जिससे जहाज की सटीक लोकेशन का पता लगाया जा सका। इसके बाद नौसेना ने कार्रवाई करते हुए भारी हथियारों से लैस समुद्री लुटेरों के कब्जे से जहाज और सभी चालक दल सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
राजनाथ सिंह ने जवानों को दी बधाई
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस सफल अभियान की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि वायु सेना की समय पर मिली मदद और नौसेना की त्वरित कार्रवाई से चालक दल तथा जहाज को सुरक्षित मुक्त कराना संभव हुआ।
उन्होंने इस अभियान को भारतीय नौसेना की मजबूत परिचालन क्षमता और समुद्री खतरों का निर्णायक ढंग से सामना करने की तैयारी का प्रमाण बताया।
राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय जवानों ने एक बार फिर दिखाया है कि देश के पास लोगों की जान बचाने, समुद्री सुरक्षा बनाए रखने और पूरे हिंद महासागर क्षेत्र में स्थिरता सुनिश्चित करने की क्षमता, इच्छाशक्ति और संकल्प है।
उन्होंने यह भी दोहराया कि भारत एक सुरक्षित समुद्री वातावरण और स्वतंत्र, खुले तथा सुरक्षित हिंद महासागर क्षेत्र के निर्माण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
Comments are closed.