त्रिपुरा में तस्करों की दबंगई, BSF के तीन जवानों पर लाठी-डंडों से हमला; हथियार छीनने की कोशिश, 8 गिरफ्तार
त्रिपुरा में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास तस्करों के एक समूह ने सोमवार सुबह BSF के जवानों पर हमला कर दिया। बॉक्सानगर के अशाबारी इलाके में हुई इस घटना में तीन जवान घायल हो गए। हमलावरों ने जवानों के साथ मारपीट करने के अलावा उनके हथियार छीनने की कोशिश की और एक सरकारी वाहन में भी तोड़फोड़ की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री माणिक साहा ने सुरक्षा बलों पर हमले की कड़ी निंदा की और संबंधित अधिकारियों को दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए।
तस्करों ने जवानों को बनाया निशाना
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह अशाबारी में तस्करों के एक समूह का BSF के तीन जवानों से सामना हुआ। इसी दौरान आरोपियों ने जवानों पर डंडों से हमला कर दिया। हमले में तीनों जवान घायल हो गए।
आरोप है कि हमलावरों ने घायल जवानों से उनके हथियार छीनने का प्रयास किया। इसके साथ ही मौके पर मौजूद एक सरकारी गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों ने कार्रवाई शुरू की और आठ लोगों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
मुख्यमंत्री ने दिए कड़ी कार्रवाई के आदेश
मुख्यमंत्री माणिक साहा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर घटना की निंदा की। उन्होंने कहा कि अशाबारी में BSF के जवानों पर उपद्रवियों का हमला बेहद निंदनीय है। सुरक्षा बलों के खिलाफ हिंसा की ऐसी घटनाएं किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जा सकतीं।
उन्होंने कहा कि सुरक्षाकर्मियों पर हमला गंभीर चिंता का विषय है और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कदम उठाने और दोषियों को सजा दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि देश की सुरक्षा में तैनात जवान सम्मान और सुरक्षा के हकदार हैं।
Comments are closed.