बिहार सरकार का बड़ा फैसला, अब हर कार्यक्रम में गूंजेंगे 3 गीत

0

बिहार सरकार ने सरकारी कार्यक्रमों और शैक्षणिक संस्थानों के लिए नया प्रोटोकॉल लागू किया है, जिसके तहत राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान और बिहार राज्य गीत का गायन अनिवार्य होगा। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभागों और जिलाधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।

जारी आदेश के अनुसार, हर सरकारी कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गीत से होगी, जिसके तुरंत बाद राष्ट्रगान गाया जाएगा। इसके बाद ही कार्यक्रम की औपचारिक कार्यवाही शुरू की जाएगी। कार्यक्रम के अंत में बिहार राज्य गीत ‘मेरे भारत के कंठहार’ गाकर समापन किया जाएगा।

शैक्षणिक संस्थानों में भी इसी व्यवस्था को लागू करने को कहा गया है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि यह नियम नियमित कक्षाओं की शुरुआत पर भी लागू होगा या सिर्फ आयोजनों तक सीमित रहेगा।

सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रीय भावना, अस्मिता और गौरव को मजबूत करना है, साथ ही बिहार के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को बढ़ावा देना भी है।

Comments are closed.