कनाडा के टोरंटो में डांस फेस्टिवल बना गोलियों का मैदान, 2 की मौत, 3 घायल

1

कनाडा के टोरंटो में डांस फेस्टिवल के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग, 2 की मौत; 3 घायल

टोरंटो: कनाडा के टोरंटो में शनिवार रात एक डांस फेस्टिवल के दौरान हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना शहर के एक व्यस्त व्यावसायिक इलाके में हुई, जहां बड़ी संख्या में लोग साल्सा डांस फेस्टिवल में शामिल होने पहुंचे थे।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, फायरिंग दुकानों और रेस्तरां से घिरे इलाके में हुई। अचानक गोलियां चलने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलते ही टोरंटो पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस हमलावर की तलाश में जुटी है और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

टोरंटो पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे प्रभावित क्षेत्र से दूर रहें और पुलिस के निर्देशों का पालन करें, ताकि जांच और तलाशी अभियान में किसी तरह की बाधा न आए।

कनाडा में बढ़ रही हैं गोलीबारी की घटनाएं

हाल के महीनों में कनाडा में फायरिंग की कई घटनाएं सामने आई हैं। हाल ही में मॉन्ट्रियल में हुई गोलीबारी में एक पुलिस अधिकारी समेत दो लोगों की मौत हो गई थी। बाद में सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई में हमलावर को मार गिराया था।

इससे पहले फरवरी में ब्रिटिश कोलंबिया के छोटे से खनन कस्बे टम्बलर रिज के एक स्कूल में हुई गोलीबारी में हमलावर की मां और उसके सौतेले भाई समेत आठ लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 27 अन्य घायल हुए थे। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने कनाडा में सार्वजनिक सुरक्षा और हथियार नियंत्रण को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Comments are closed.