दिल्ली और उत्तराखंड में आतंकी हमले की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।
सूत्रों के मुताबिक, एक धमकी भरे ईमेल में दोनों राज्यों के कई मंदिरों, सरकारी कार्यालयों, रेलवे स्टेशनों और पुलिस प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की बात कही गई है। इसके बाद दिल्ली पुलिस, उत्तराखंड पुलिस और केंद्रीय खुफिया एजेंसियों ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
सूत्रों के अनुसार, धमकी भरे ईमेल के बाद इंटेलिजेंस एजेंसियों ने संभावित खतरे को देखते हुए दोनों राज्यों के लिए सुरक्षा अलर्ट जारी किया है। प्रमुख धार्मिक स्थलों, सरकारी संस्थानों, पुलिस प्रतिष्ठानों और अन्य संवेदनशील जगहों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। साथ ही भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
सूत्रों का यह भी कहना है कि ईमेल में कुछ राजनीतिक नेताओं का कथित तौर पर जिक्र किया गया है। इसी वजह से सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, अलर्ट जारी होने के बाद संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई है। धार्मिक स्थलों, परिवहन केंद्रों और सरकारी इमारतों पर सुरक्षा बढ़ाने के साथ स्थानीय पुलिस को गश्त तेज करने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
उधर, दिल्ली पुलिस ने धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। साइबर एक्सपर्ट ईमेल के डिजिटल ट्रेल की पड़ताल कर रहे हैं ताकि संदेश भेजने वाले की पहचान की जा सके।
हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अभी तक किसी संभावित हमले के समय, स्थान या लक्ष्य को लेकर कोई ठोस खुफिया जानकारी नहीं मिली है। इसके बावजूद एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है।
Comments are closed.