हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में तेज आंधी, भारी बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की घटनाओं ने व्यापक तबाही मचाई है।
खराब मौसम के चलते कई इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। मकानों और स्कूलों की छतें उड़ गईं, पेड़ और बिजली के खंभे गिर पड़े, जबकि बिजली गिरने से लोगों और पशुधन की मौत की घटनाएं भी सामने आई हैं। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक हालात और बिगड़ने की आशंका जताई है। विभाग के मुताबिक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से 15 मई तक उत्तर भारत के पर्वतीय इलाकों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है।
हिमाचल प्रदेश में रविवार रात करीब 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली आंधी ने कई जिलों में भारी नुकसान पहुंचाया। मंडी, कुल्लू, ऊना, हमीरपुर, चंबा, शिमला और कांगड़ा में मकानों, स्कूल भवनों और पशुशालाओं को क्षति पहुंची। मंडी जिले में सबसे ज्यादा 70 मकान प्रभावित हुए। तेज बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं की फसल तथा सेब सहित बागवानी फसलों को भी नुकसान हुआ है।
कुल्लू के नग्गर क्षेत्र में बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य झुलस गए। शिला नाला क्षेत्र में 40 भेड़-बकरियां भी मारी गईं। प्रदेशभर में 2009 ट्रांसफार्मर खराब हो जाने से कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। वहीं 36 सड़कों पर यातायात रोकना पड़ा।
उत्तराखंड में लगातार बारिश और ओलावृष्टि के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। देहरादून, मसूरी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर समेत कई इलाकों में तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए अगले 48 घंटे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
केदारनाथ धाम क्षेत्र में खराब दृश्यता और घने कोहरे के चलते दो हेलीकॉप्टरों को अगस्त्यमुनि हेलीपैड पर एहतियातन उतारना पड़ा। मौसम सामान्य होने के बाद उड़ान सेवाएं दोबारा शुरू की गईं।
जम्मू-कश्मीर में भी तेज हवाओं और बारिश ने भारी नुकसान पहुंचाया। सांबा जिले के पंगधोर गांव में बीएसएनएल का मोबाइल टावर एक घर पर गिर गया, जिससे मकान को नुकसान पहुंचा। कठुआ जिले में 250 बिजली के खंभे और नौ ट्रांसफार्मर खराब हो गए। गांदरबल जिले में बिजली गिरने से 90 भेड़ों की मौत हो गई।
खराब मौसम के कारण कई जिलों में घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रही और करीब 70 सड़कों पर यातायात प्रभावित हुआ। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।
Comments are closed.